Jaunpur News: संपत्ति विवाद में कलयुगी बेटे ने की माता-पिता की हत्या, शव बोरे में भरकर नदी में फेंका
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में संपत्ति और पैसों के विवाद में एक बेटे ने अपने ही माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी।
आरोप है कि आरोपी ने घर में रखे सिलबट्टे (खलबट्टे) से वार कर माता-पिता को मौत के घाट उतार दिया और बाद में दोनों शवों को बोरे में भरकर कार से गोमती नदी में फेंक दिया।
इस जघन्य अपराध का खुलासा तब हुआ जब मृतक दंपती की बेटी वंदना ने माता-पिता और भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई।
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो शक की सुई बेटे अंबेश कुमार पर गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर अंबेश ने अपने माता-पिता की हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार, मृतक श्यामबहादुर (65) रेलवे में लोको पायलट थे और सेवानिवृत्ति के बाद पत्नी बबिता देवी (63) के साथ गांव में रहते थे। उनके तीन बेटियां और एक बेटा अंबेश कुमार है।
अंबेश कोलकाता में रहकर लव मैरिज कर चुका था और उसके दो बच्चे हैं। करीब तीन महीने पहले वह अकेले गांव लौटा था और पिता से पैसों को लेकर लगातार विवाद कर रहा था। उसे आशंका थी कि पिता अपनी संपत्ति में बहनों को हिस्सा दे देंगे।
पुलिस के मुताबिक, 8 दिसंबर को पारिवारिक कहासुनी के दौरान अंबेश ने गुस्से में आकर घर में रखे खलबट्टे से पिता श्यामबहादुर के सिर पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने आई मां बबिता देवी पर भी उसने हमला किया।
दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर तड़पने के बाद उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने दोनों शवों को बोरे में भरकर कार से बेलाव घाट पहुंचाया और गोमती नदी में फेंक दिया।
एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि 13 दिसंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गईं। पूछताछ के दौरान आरोपी बेटे ने जुर्म कबूल कर लिया।
उसकी निशानदेही पर पुलिस गोमती नदी के बेलाव घाट इलाके में शवों की तलाश कर रही है, हालांकि अभी तक दोनों शव बरामद नहीं हो सके हैं।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और शवों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
Get real time updates directly on you device, subscribe now.