Jaunpur News: बारिश बनी काल, करंट की चपेट में आईं दो बच्चियां, बचाने वाले युवक की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नागार्जुन सिटी के पास मछलीशहर पद के समीप बीती शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। जहां भारी बारिश के दौरान दो बच्चियां करंट की चपेट में आ गईं।
उन्हें बचाने की कोशिश में एक ई-रिक्शा चालक ने बहादुरी दिखाई, लेकिन इस प्रयास में उसने अपनी जान गंवा दी। दोनों बच्चियां भी नाले में बह गईं और अब तक उनका कुछ पता नहीं चल सका है।
हादसे के बाद मौके पर नगर पालिका, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन की टीमों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी से NDRF (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की टीम भी बुलाई गई।
करीब सात घंटे से ज्यादा समय तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश अब तक बच्चियों को नहीं खोजा जा सका है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़कों और नालों में जलभराव हो गया था। इसी दौरान दो बच्चियां करंट की चपेट में आ गईं।
ई-रिक्शा चालक ने जान की परवाह किए बिना उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन करंट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि वह खुद भी झुलस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रशासन की कोशिशें जारी
घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन और जिला अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। NDRF की टीम ने घटनास्थल पर कई घंटे तक खोजबीन की, लेकिन तेज बहाव और जलभराव के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बच्चियों की तलाश जारी रहेगी और इस दुखद हादसे की जांच भी कराई जाएगी।
रिपोर्ट- दीपक सिंह
Also Read: Kanpur News: बैटरी चोरी रोकना पड़ा महंगा, हथियारबंद चोरों ने डीसीएम चालक से लूटे 7 हजार

