Jaunpur News: बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने तीन साधुओं को लाठी-डंडों से पीटा, चार आरोपी गिरफ्तार

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ बच्चा चोरी का झूठा आरोप लगाकर भीड़ ने तीन साधुओं के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह चौंकाने वाली घटना शनिवार दोपहर शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मछलीशहर पड़ाव स्थित हैवल्स शोरूम के पास हुई। पाँच से छह युवकों की भीड़ ने तीन साधुओं को बच्चा चोर बताकर घेर लिया और उन्हें लाठी-डंडों, बेल्ट और लात-घूँसों से बुरी तरह पीटा। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तीनों साधु हाथ जोड़कर जान बख्शने की गुहार लगा रहे थे, लेकिन हमलावरों को कानून या इंसानियत का कोई डर नहीं था। उन्होंने साधुओं को लहूलुहान कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि इस दौरान वहाँ लोगों की बड़ी भीड़ जमा थी, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव की कोशिश नहीं की। कई लोग तो इस घटना का वीडियो बनाते रहे, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मारपीट का यह दौर काफी देर तक चला, जिसके बाद दोनों साधु बेसुध होकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद आरोपी उन्हें वहीं छोड़कर भाग गए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जौनपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने साधुओं को अस्पताल पहुँचाया और उनके बयान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जाँच की जा रही है। अब तक चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Also Read: एक बार फिर पाकिस्तान की अनदेखी, ICC से जवाब मांग रहा PCB

Get real time updates directly on you device, subscribe now.