Jaunpur News: सफाई कर्मियों की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारी निलंबित
Sandesh Wahak Digital Desk: नगर पालिका परिषद जौनपुर ने कार्य में गंभीर लापरवाही और उदासीनता बरतने के आरोप में सफाई नायक अरविंद सिंह और मेठ संतोष शुक्ला को निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई 25 अगस्त को मछलीशहर पड़ाव क्षेत्र में घटी एक घटना के बाद की गई, जिसे लेकर नगर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
क्या है मामला?
अधिशासी अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मछलीशहर पड़ाव पर घटित घटना के संदर्भ में संतोष शुक्ला (मेठ) और अरविंद सिंह (सफाई नायक) को पहले स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया था।
दोनों कर्मचारियों ने अपना पक्ष प्रस्तुत किया, लेकिन उनकी आख्या असंतोषजनक और निराधार पाई गई।
जांच में क्या सामने आया?
प्राप्त तथ्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि कार्य संचालन में लापरवाही और जिम्मेदारियों की उपेक्षा की गई है। इस पर संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
अधिशासी अधिकारी का बयान
अधिशासी अधिकारी ने कहा, “यह कार्रवाई कर्मचारियों द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में की गई घोर लापरवाही को दृष्टिगत रखते हुए की गई है। भविष्य में इस प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सफाई नायक प्रमोद को उनके पूर्व कार्यक्षेत्र के साथ-साथ मंडी अहमद खान वार्ड का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
इंद्र नंदन सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, जौनपुर
रिपोर्ट- दीपक सिंह

