Jaunpur News: डबल मर्डर से इलाके में दहशत, घर लौट रहे दो भाइयों को बदमाशों ने मारी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।

रामनगर के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने घर लौट रहे दो सगे भाइयों को गोलियों से भून डाला। हमले में दोनों भाइयों की मौत हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मझगांवा गांव निवासी शाहजहां (70) और उनके छोटे भाई जहांगीर (65) मुंबई में व्यापारी थे और इन दिनों किसी काम से अपने पैतृक गांव आए हुए थे।

शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे दोनों भाई मुंगरा बादशाहपुर से घर लौट रहे थे कि रामनगर के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाहजहां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जहांगीर को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक (SP) सहित जिले के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की गहन जांच-पड़ताल की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जांच के लिए सात टीमें गठित

इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए SP जौनपुर ने SP ग्रामीण के नेतृत्व में सात विशेष टीमों का गठन किया है।

पुलिस ने हमलावरों की तलाश में आसपास के इलाकों में दबिश देना शुरू कर दिया है और संभावित ठिकानों पर निगरानी तेज कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल, हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी को भी जांच के दायरे में लिया गया है। स्थिति अब भी तनावपूर्ण है, लेकिन क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

रिपोर्ट- दीपक सिंह

Also Read: Asia Cup 2025: भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले बढ़ा विरोध, BCCI के अधिकारी भी बना रहे दूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.