Jaunpur News: अनियंत्रित पिकअप पलटी, सड़क पर बिखरी मछलियां, पकड़ने को जुटे लोग, VIDEO वायरल

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के लाइनबाज़ार थाना क्षेत्र के पचहटिया तिराहे पर शनिवार सुबह उस समय अजीबोगरीब दृश्य देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित बोलेरो पिकअप वाहन पलट गया और उसमें लदी सैकड़ों मछलियां सड़क पर बिखर गईं।

सड़क पर तड़पती मछलियों को देखकर जहां लोगों का ध्यान पहले दुर्घटना की ओर गया, वहीं कुछ ही देर में स्थानीय लोग मछलियां पकड़ने में जुट गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के मुताबिक, यह पिकअप वाहन आजमगढ़ से जौनपुर की तरफ मछली लेकर आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पचहटिया तिराहे पर सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में और सड़क पर गड्ढे के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस वाहन का पंजीयन नंबर यूपी 62 BT 3851 है।

दुर्घटना में किसी मानव हानि की खबर नहीं है, लेकिन सड़क पर बड़ी संख्या में मछलियां तड़पती और मरती नजर आईं।

मछलियों को लेकर मची अफरातफरी

हादसे के बाद जहां मछलियां तड़प रही थीं, वहीं आसपास के लोग बर्तन, बाल्टी, प्लास्टिक बैग लेकर पहुंच गए और मछलियों को इकट्ठा करने लगे। कुछ लोग वीडियो भी बनाने लगे, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हुआ।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लोग मछलियों को पकड़ने के लिए आपाधापी कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग हादसे को नजरअंदाज कर मछलियां लूटने में लगे रहे।

पुलिस का बयान

जौनपुर पुलिस ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा, “आज सुबह करीब 8:00 बजे आजमगढ़ से जौनपुर कोतवाली की ओर आ रही बोलेरो पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई।

सूचना पर वाहन स्वामी द्वारा दूसरे वाहन की व्यवस्था कर बिखरी मछलियों को आगे भेजा गया। अभी तक इस संबंध में किसी ने कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी है। यदि कोई तहरीर देता है तो कार्रवाई की जाएगी।”

इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग वाहन चालक की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ सड़क की खराब स्थिति को जिम्मेदार बता रहे हैं।

वहीं, कई यूजर्स ने सड़क पर मछली पकड़ने में लगे लोगों के रवैये को “लालच” और “संवेदनहीनता” से जोड़कर आलोचना की है।

Also Read: Kaushambi News: सर्राफा व्यापारी से लाखों की लूट, बदमाशों ने गोली मारकर छीना बैग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.