Gorakhpur Airport पर जवान ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में भाइयों पर लगाए गंभीर आरोप
Gorakhpur News: गोरखपुर एयरपोर्ट पर एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ रनवे की सुरक्षा में तैनात डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स (DSC) के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल AK-103 से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब एक दूसरा जवान ड्यूटी के लिए वहाँ पहुँचा और उसने जितेंद्र का शव खून से लथपथ देखा।
जवान की पहचान जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो बिहार के छपरा जिले के रहने वाले थे। पुलिस को उनके शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने आत्महत्या का कारण बताया है। नोट में लिखा है, मैं अपने भाइयों से तंग आ चुका हूँ, फर्जी केस ने मेरा जीना मुश्किल कर दिया है। अब यह दर्द बर्दाश्त नहीं होता, इसलिए जीवन खत्म कर रहा हूँ।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। जितेंद्र भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद DSC में भर्ती हुए थे। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ एयरफोर्स की विजय विहार कॉलोनी में रहते थे। हाल ही में वह अपने परिवार के साथ गाँव गए थे और 3 अगस्त को अकेले ही वापस लौटे थे।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि जितेंद्र दो अन्य साथियों के साथ रनवे के पास ड्यूटी पर थे। उनके साथियों के मुताबिक, वे सभी स्टॉप रूम में थे और कूलर की तेज आवाज के कारण उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई नहीं दी। साथियों ने जितेंद्र को शांत और अनुशासित स्वभाव का बताया, जिसकी वजह से कोई भी उनकी मानसिक पीड़ा का अंदाजा नहीं लगा पाया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की भी जाँच कर रही है ताकि घटना का सही समय पता चल सके।
Also Read: Kanpur News: इस्पात नगर में सड़क, सीवर और लाइट सुधार के लिए अलग-अलग डीपीआर तैयार होगी

