जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी, दिल्ली आवास की सुरक्षा बढ़ी

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी को एक अनजान नंबर से कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी ने उन्हें सीधे गोली मारने की बात कही है, जिससे राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। इस धमकी के बाद एहतियात के तौर पर नई दिल्ली स्थित जयंत चौधरी के सरकारी आवास की सुरक्षा तत्काल प्रभाव से बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शुरुआती तफ्तीश में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

जयंत चौधरी के निजी सहायक (PA) विश्वेंद्र शाह ने समाचार एजेंसी IANS को धमकी भरे कॉल का पूरा ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि यह घटना दो दिन पहले की है। मंत्री जयंत चौधरी अपने दिल्ली आवास से संसद भवन के लिए निकले थे। संसद पहुंचने के बाद उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से लगातार तीन-चार बार कॉल आए। जब एक बार फोन उठाया गया, तो दूसरी तरफ से सीधे तौर पर गोली मारने की धमकी दी गई।

हमलावर ने कॉल पर कहा, जो फोटो भेजी है, वो देखी है या नहीं देखी है? विश्वेंद्र शाह ने बताया कि फोन कटने के बाद जब उन्होंने व्हाट्सएप चेक किया, तो उसमें दो बेहद संवेदनशील तस्वीरें थीं। एक फोटो में जयंत चौधरी की आधिकारिक यात्राओं का पूरा शेड्यूल था। विशेष रूप से, धमकी देने वाले के पास उनके आगरा कार्यक्रम का विवरण था। (यह शेड्यूल आमतौर पर केवल संबंधित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को ही भेजा जाता है, ऐसे में हमलावर के पास इसका होना सुरक्षा में बड़ी सेंध का इशारा है)। दूसरे फोटो में सीधे तौर पर गोली मारने की बात लिखी हुई थी, जिसे एक तरह से डेथ वारंट माना जा रहा है।

बंगाल के मुर्शिदाबाद में ट्रेस हुई लोकेशन

निजी सहायक विश्वेंद्र शाह ने बताया कि इस गंभीर मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू की, जिसमें कई अहम सुराग मिले हैं। धमकी भरे कॉल की लोकेशन पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में ट्रेस हुई है। दिल्ली पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी की पहचान इस्लाइल के रूप में की है, जो मुर्शिदाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है।

Also Read: Dhurandhar 2 Day 1: ऐतिहासिक ओपनिंग, पैन-इंडिया बॉक्स ऑफिस पर नया अध्याय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.