अंकित बालियान के परिवार से मिले जयंत चौधरी, बोले- कानून पर रखें भरोसा, मिलेगा न्याय
Shamli News: शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान के दो हत्यारोपियों के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी सोमवार को अंकित के गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अंकित के पिता सत्यवीर सिंह फौजी को ढांढस बंधाया। इससे पहले जयंत चौधरी ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी।
जयंत चौधरी ने कहा कि अंकित एक उभरता हुआ कलाकार था और जिस सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया, वह बेहद संगीन अपराध है। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए धैर्य रखने को कहा और बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की है। कानून-व्यवस्था तभी मजबूत रहती है जब लोगों का शासन और व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
शामली: सिंगर अंकित बालियान के हत्यारों के एनकाउंटर के बाद परिवार से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी#NewsLeader #Encounter #Shamli pic.twitter.com/xpNz65674Q
— News Leader (@NewsLeaderLive) August 31, 2026
मुठभेड़ में मारे गए 50-50 हजार के दो इनामी शूटर
सोमवार तड़के शामली कोतवाली क्षेत्र के कैराना रोड पर इंडियन गैस गोदाम के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के इनामी दो शार्प शूटर मोहित (22) और सुमित (24), निवासी सोनीपत (हरियाणा) मारे गए। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस के दो सिपाही भी घायल हुए हैं।
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, सपा सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन ने भी अंकित के घर पहुंचकर परिजनों को हरसंभव मदद और जल्द से जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।
Also Read: प्रयागराज में बाढ़ का खतरा, गंगा-यमुना तेजी से बढ़ीं; रेड अलर्ट जारी

