जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव को दी खुली चुनौती, बोले- हिम्मत है तो बढ़वाएं गन्ने का दाम
Jayant Chaudhary: 3 सितंबर को सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा की ‘स्वाभिमान रैली’ आयोजित हुई। गोचर कृषि इंटर कॉलेज मैदान में हजारों लोग पहुंचे। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह पहली बार पत्नी और बेटी के साथ किसी सार्वजनिक सभा के मंच पर पहुंचे। बिजनौर सांसद चंदन चौहान, अनिल कुमार, केसी त्यागी, त्रिलोक त्यागी और मलूक नागर समेत कई नेता मौजूद रहे।
जयंत चौधरी ने नेपाल में हालिया त्रासदी पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि बिल क्लिंटन के बाद अब संस्था में उनके नाम का शिलापट्ट भी लगाया जाएगा। इसका निर्माण सांसद खेल निधि से कराया जाएगा।
अखिलेश यादव को सीधी चुनौती
RLD अध्यक्ष ने कहा कि विरोधी लगातार राष्ट्रीय लोक दल का नाम ले रहे हैं, इससे पता चलता है कि पार्टी सही दिशा में काम कर रही है। PDA पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसकी परिभाषा रोज बदलती है, लेकिन NDA का ‘N’ कभी नहीं बदलेगा।
उन्होंने बताया कि गन्ना किसानों को अब तक 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो खुलकर गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग करें। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल के मुद्दे की आड़ में सपा किसान, किसानी और चौधरी अजित सिंह की विरासत का अपमान कर रही है।
युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील
जयंत ने किसान लॉबी मजबूत करने की बात कही। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने की अपील करते हुए 14446 टोल-फ्री नंबर पर मदद लेने को कहा। भाषण के अंत में उन्होंने कहा, “ABCD के बाद अब G फॉर गन्ना आता है।” इस पर रैली में जमकर तालियां बजीं।

