बिहार चुनाव के लिए JDU ने 57 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की, आलमनगर से नरेंद्र नारायण यादव और मोकामा से अनंत सिंह को टिकट

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पहली लिस्ट में 57 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगा दी है, जिससे चुनावी रण की गहमागहमी और बढ़ गई है।

जेडीयू की इस पहली सूची में कई महत्वपूर्ण और चर्चित सीटों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। आलमनगर विधानसभा सीट से वरिष्ठ नेता नरेंद्र नारायण यादव को टिकट दिया गया है। मधेपुरा सीट से कविता साहा को उम्मीदवार बनाया गया है। महाराजगंज सीट से हेम नारायण साह पर पार्टी ने भरोसा जताया है। वहीं, बाहुबली नेता अनंत सिंह को एक बार फिर मोकामा विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है।

बता दें कि एनडीए गठबंधन में सीटों का बंटवारा पहले ही हो चुका है, जिसके तहत जेडीयू को 101 सीटों पर चुनाव लड़ना है। बीजेपी को भी 101 सीटें मिली हैं, जबकि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें, और जीतन राम मांझी की ‘हम’ तथा उपेंद्र कुशवाहा की ‘रालोमो’ को 6-6 सीटें दी गई हैं।

बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार में दो चरणों में मतदान संपन्न होगा।

पहला चरण: 06 नवंबर

दूसरा चरण: 11 नवंबर

मतगणना: 14 नवंबर को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Also Read: त्योहारों में व्यवधान डाला तो होगी जेल, सीएम योगी की सख्त चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.