JDU से केसी त्यागी की विदाई, प्रवक्ता बोले- अब उनसे हमारा कोई लेना-देना नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने वरिष्ठ नेता केसी त्यागी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना लिया है। लंबे समय से पार्टी का चेहरा रहे त्यागी और JDU नेतृत्व के बीच की तल्खी अब सार्वजनिक हो गई है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि अब त्यागी की किसी भी बात या गतिविधि से JDU का कोई संबंध नहीं है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो पिछले कुछ समय से केसी त्यागी के सुर बदले-बदले नजर आ रहे थे। वे लगातार ऐसे बयान दे रहे थे जो JDU की आधिकारिक नीति और स्टैंड के खिलाफ जा रहे थे। त्यागी ने कई राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर निजी राय को पार्टी के प्लेटफॉर्म से ऊपर रखना शुरू कर दिया था, जिससे नीतीश कुमार और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व असहज महसूस कर रहा था। नेतृत्व को लगा कि एक वरिष्ठ पद पर होते हुए भी त्यागी अपनी सीमाएं लांघ रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश जा रहा था।
राजीव रंजन का दोटूक बयान
इस मामले पर जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि केसी त्यागी अब पार्टी की ओर से बोलने के लिए अधिकृत (Authorised) नहीं हैं। JDU का अब उनसे कोई औपचारिक संबंध नहीं रह गया है। पार्टी सूत्रों ने यहाँ तक कह दिया कि वह जेडीयू के साथ हैं भी या नहीं, यह अब किसी कार्यकर्ता को पता नहीं है। उनके बयानों को केवल उनकी निजी राय माना जाए, पार्टी की नहीं।
Also Read: रिटायरमेंट के बाद इस सर्टिफिकेट से अग्निवीरों को मिलेगी दूसरी नौकरी

