7 करोड़ की ज्वैलरी लूट का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार, 20 लाख की नकदी और गहने बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी सफलता मिली है। कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में हुई लगभग 7 करोड़ रुपये की ज्वेलरी डकैती के मुख्य आरोपी आदर्श सिंह बेहड़ा और उसके साथी सूरज सेठ को आजमगढ़ के गंभीरपुर टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ ने इनके पास से ₹20 लाख नकद, हीरे-सोने के आभूषण और लूट के पैसों से खरीदी गई एक नई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में हुई थी डकैती
यह घटना 3 अगस्त 2025 को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के दानकुनी थाना क्षेत्र में स्थित सोहन गोल्ड/डायमंड ज्वेलरी शॉप में हुई थी। असलहों से लैस 6 अज्ञात डकैतों ने दिनदहाड़े दुकान में घुसकर लोगों के साथ मारपीट की और लगभग 5-6 किलोग्राम सोने व हीरे की ज्वेलरी लूट ली थी। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में काफी दहशत का माहौल था। पश्चिम बंगाल पुलिस कमिश्नर चंदननगर ने इस मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ से मदद मांगी थी, क्योंकि इस डकैती में बिहार और उत्तर प्रदेश के पेशेवर अपराधियों के शामिल होने की आशंका थी।
कुख्यात अपराधी है आदर्श सिंह बेहड़ा
एसटीएफ की वाराणसी फील्ड इकाई ने सूचनाएं जुटाकर इस डकैती के मुख्य आरोपी आदर्श सिंह बेहड़ा और उसके साथियों के आजमगढ़ में छिपे होने का पता लगाया। एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार, 23 सितंबर 2025 को आदर्श सिंह बेहड़ा और सूरज सेठ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आदर्श सिंह बेहड़ा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ लूट, डकैती और जानलेवा हमले जैसे कई गंभीर अपराधों में कई मामले दर्ज हैं। वह सर्राफा व्यापारियों को निशाना बनाने का आदी है। उसके चाचा दीपक सिंह बेहड़ा भी एक कुख्यात अपराधी थे, जिनकी कई साल पहले वाराणसी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी।
आदर्श सिंह बेहड़ा का एक लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें जौनपुर, लखनऊ, वाराणसी, मुजफ्फरपुर (बिहार) और भभुआ (बिहार) में दर्ज 15 से अधिक मामले शामिल हैं। कोलकाता की डकैती से पहले उसने मुजफ्फरपुर (बिहार) में भी एक ज्वेलरी दुकान में लूट को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों को जौनपुर के केराकत थाने में दाखिल किया गया है और पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा उन्हें पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।

