Jhansi News: रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया दरोगा, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: झांसी जिले के मऊरानीपुर थाने में तैनात दरोगा विनीत कुमार को गुरुवार सुबह एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि दरोगा एक मामले की धाराएं बढ़ाने के नाम पर 40 हजार रुपये की मांग कर रहा था। जैसे ही पीड़ित ने पहले किश्त के तौर पर 15 हजार रुपये दिए, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे अंबेडकर चौराहे के पास गिरफ्तार कर लिया।

रिश्वत लेते ही कांपने लगा दरोगा

कार्रवाई के दौरान जब दरोगा को भीड़भाड़ वाले बाजार में घेरकर पकड़ा गया तो वह घबरा गया और कांपने लगा। गिरफ्तारी के बाद उसे प्रेम नगर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ कर मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता अभिषेक यादव ने बताया कि कुछ समय पहले उनके परिवार का पड़ोसियों से विवाद हो गया था। झगड़े में उसके पिता और चाची पर हमला हुआ, जिसमें पिता की टांग टूट गई और चाची के हाथ में गंभीर चोट आई थी। पीड़ित पक्ष ने मारपीट का केस दर्ज कराया, लेकिन धारा मामूली लगाई गई। जब उन्होंने गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की, तो दरोगा विनीत कुमार ने 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग ली।

गरीबी का हवाला देने पर बनी किश्तों की डील

अभिषेक ने बताया, “हमने दरोगा से कहा कि हम गरीब हैं, पूरा पैसा नहीं दे सकते। इस पर उसने कहा कि पहले 15 हजार दे दो, बाकी 25 हजार बाद में देना।” इसके बाद अभिषेक ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की और टीम ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। रिश्वत लेते ही जब टीम ने दरोगा को दबोचा तो उसने भागने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस कार्रवाई को देखा और अफसरों की सराहना की।

पुलिस ने की पुष्टि, नियमित तौर पर हो रही हैं कार्रवाईयां

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कहा, “ऐसी कार्रवाइयां नियमित रूप से की जा रही हैं, ताकि पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।”

Also Read: लखनऊ में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग बरामद, दो गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.