Jhansi News: झांसी में रेलवे की नकली नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, एक महीने सैलरी भी दी
Jhansi News: रेलवे में नौकरी का सपना दिखाकर ठगों ने मध्य प्रदेश के दो बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी की है। ठगों ने न सिर्फ उनसे 10 लाख रुपये ऐंठे, बल्कि उन्हें झांसी रेलवे स्टेशन पर एक महीने तक ‘ट्रेनिंग’ भी दी। इस ट्रेनिंग के दौरान उनसे ट्रेनों की गिनती करवाई गई और उन्हें भरोसा दिलाने के लिए एक महीने की सैलरी भी दी गई।
जब युवाओं ने जॉइनिंग लेटर मांगा, तो आरोपी फरार हो गए। मध्य प्रदेश के ग्वालियर और डबरा के रहने वाले दो बेरोजगार युवकों को ठगों ने रेलवे में पक्की नौकरी का झांसा दिया। उनसे ट्रैवल टिकट परीक्षक (TTE) और क्लर्क की नौकरी के नाम पर 2 से 5 लाख रुपये तक वसूले गए। इसके बाद, उन्हें ट्रेनिंग के लिए उत्तर प्रदेश के झांसी रेलवे स्टेशन पर भेजा गया।
पीड़ित युवाओं का कहना है
वहां उन्हें एक महीने तक ट्रेनों की गिनती करने और रजिस्टर में नोट करने का काम दिया गया। पीड़ित युवाओं का कहना है कि ठगों ने उन्हें भरोसा दिलाने के लिए पहले महीने का वेतन भी दिया, ताकि उन्हें लगे कि नौकरी पक्की है। लेकिन जब उन्होंने जॉइनिंग लेटर और आईडी कार्ड मांगा, तो आरोपी अचानक गायब हो गए।
पीड़ित युवकों ने डबरा शहर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया है कि यह एक बड़े ठगी रैकेट का हिस्सा है। यह गिरोह देश के अलग-अलग शहरों में बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ठगों की तलाश में जुट गई है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटनाएं
आपको बता दें कि यह कोई पहली घटना नहीं है। साल 2022 में भी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इसी तरह का एक मामला सामने आया था, जहां 25 युवाओं से कुल 2.6 करोड़ रुपये ठगे गए थे। उस मामले में भी पीड़ितों से हर दिन स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या गिनने का काम करवाया गया था।
Also Read: Lucknow News: प्रो. रविकांत के समर्थन में छात्रों ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

