Jhansi News: सड़क पर भटकते गोवंश बने हादसे का शिकार, मऊरानीपुर में आधा दर्जन की जान गई
Jhansi News: झांसी-खजुराहो हाईवे पर मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से आधा दर्जन गोवंशों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद नगर और क्षेत्रवासियों में गुस्सा फूट पड़ा।
जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद शहर और ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश सड़कों पर घूमते रहते हैं। गोशालाओं में रखरखाव और भोजन-पानी की समुचित व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है। नगर पालिका परिषद मऊरानीपुर की गोशाला से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की गोशालाओं तक हकीकत इन दावों को झुठलाती है।
दुर्घटनाओं की चपेट में आकर जान गंवा चुके
पिछले तीन महीनों में कई गोवंश सड़क हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि कई बार राहगीर भी इन दुर्घटनाओं की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृत गोवंशों को दफनाया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह मूकदर्शक बने हुए हैं। सवाल उठता है कि इन मौतों का जिम्मेदार कौन—व्यवस्था को लागू न कर पाने वाले तहसील क्षेत्र के अधिकारी या फिर सड़क का रख-रखाव कर रही पीएनसी कंपनी, जो सुरक्षा इंतज़ाम करने में नाकाम है?
Also Read: बर्खास्त IAS पूजा खेडकर के माता-पिता फरार, पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर

