Jhansi News: PWD का सीनियर क्लर्क 20 हजार लेते गिरफ्तार, पेंशन और ग्रेच्युटी के लिए कर रहा था परेशान
Jhansi News: लोक निर्माण विभाग (PWD) के पेंशन विभाग में तैनात सीनियर क्लर्क संतोष निरंजन को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। संतोष एक रिटायर कर्मचारी से उसकी ग्रेच्युटी और पेंशन के कागजात आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत ले रहा था। जब एंटी करप्शन टीम उसे पकड़कर ले जाने लगी, तो शर्म के मारे बाबू ने रुमाल से अपना चेहरा छिपा लिया।
रिटायर बेलदार घनश्याम कुशवाहा के बेटे राजेंद्र ने बताया कि उनके पिता 31 अक्टूबर, 2025 को रिटायर हुए थे। पिता की करीब 20 लाख रुपए की ग्रेच्युटी रुकी हुई थी और पेंशन भी शुरू होनी थी। राजेंद्र जब बाबू संतोष निरंजन से मिले, तो उसने ‘खर्चा-पानी’ के नाम पर 1 लाख रुपए की मांग कर डाली।
राजेंद्र ने बताया, मैं ऑटो चलाता हूं और मेरे पिता दिल के मरीज हैं। मैंने हाथ जोड़कर बाबू से मिन्नतें की, तो उसने सौदा 50 हजार में तय किया। मेरे पास इतने पैसे नहीं थे, इसलिए मैंने किस्तों में देने की बात कही। आज मैं पहली किस्त के 20 हजार रुपए देने पहुंचा था, तभी टीम ने उसे दबोच लिया।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी संतोष निरंजन का परिवार काफी संपन्न है। वह खुद 2017 से झांसी में तैनात है। उसके दो भाई बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर (JE) हैं और घर की बहू भी सरकारी नौकरी में है। इसके बावजूद उसने एक चतुर्थ श्रेणी के बीमार कर्मचारी को पैसे के लिए परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
एंटी करप्शन टीम ने राजेंद्र की शिकायत का पहले गोपनीय तरीके से सत्यापन किया। जब पुष्टि हो गई कि बाबू वाकई घूस मांग रहा है, तो टीम ने केमिकल लगे नोटों के साथ जाल बिछाया। जैसे ही संतोष ने 20 हजार रुपए पकड़े, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ शहर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Also Read: ‘हमारा इतिहास भी बहुत गंदा है’, बीजेपी विधायक का पुलिस को खुला चैलेंज!

