झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज को मिली एनएच से एनओसी, बलरामपुर के विकास को मिली नई रफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद बलरामपुर के लिए विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग (एलसी संख्या–136, स्पेशल 3ई) पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रदान कर दी गई है। यह स्वीकृति भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ से प्राप्त हुई है, जिसे जनपद के विकास खातिर दूरगामी प्रभाव वाली उपलब्धि माना जा रहा है।

एनएच से एनओसी मिलते ही झारखंडी ओवरब्रिज निर्माण का रास्ता साफ

यह रेलवे ओवरब्रिज राष्ट्रीय राजमार्ग–730 पर चैनिज 323.680 से 324.845 के मध्य निर्मित किया जाएगा। निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा अपने व्यय पर कराया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से झारखंडी रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से आमजन को स्थायी राहत मिलेगी और शहर के भीतर तथा आसपास के क्षेत्रों में आवागमन पूरी तरह निर्बाध हो सकेगा। बड़ी लाइन शुरू होने व एनएच 730 का निर्माण होने के बाद से ही लगातार रेलवे फाटक बंद होने के बाद जाम की स्थिति रहा करती थी।

वर्षों से लंबित रेलवे ओवरब्रिज को मिली मंजूरी

लंबे समय से लंबित इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में सदर विधायक पल्टूराम, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के सतत, प्रभावी और समन्वित प्रयासों की अहम भूमिका रही है। जनहित से जुड़ी इस योजना को केंद्र स्तर तक मजबूती से प्रस्तुत किया गया, जिसके परिणामस्वरूप एनओसी प्राप्त हो सकी।

सदर विधायक व डीएम के प्रयास रंग लाए, झारखंडी आरओबी को मिली स्वीकृति

सदर विधायक पल्टूराम ने कहा,झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज को मिली एनओसी बलरामपुर के लिए ऐतिहासिक क्षण है। यह सिर्फ एक पुल नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, व्यापार और यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाला प्रकल्प है। इसके लिए केंद्र और राज्य स्तर पर निरंतर प्रयास किए गए, जो अब सफल हुए हैं। मैं सभी का धन्यवाद देना चाहूंगा।

जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कहा, एनओसी मिलना प्रशासनिक दृष्टि से एक बड़ी उपलब्धि है। रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि जनपद की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। प्रशासन निर्माण प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करेगा।

उम्मीद है कि यह ओवरब्रिज बलरामपुर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों के दैनिक जीवन को भी सुगम बनाएगा। लोगों के जाम के झाम से जहां मुक्ति मिलेगी। वहीं, दो लेन का ओवरब्रिज बन जाने के कारण जिला मुख्यालय पर आने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी व समय की बचत होगी।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: लेखपाल भर्ती में OBC आरक्षण को लेकर राजभर की दो टूक, सरकार की मंसा पर उठाए सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.