जींद में रंग बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 5 महिलाओं की मौत, 20 झुलसे
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के जींद जिले के सफीदों इलाके में शनिवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब भाट कॉलोनी स्थित एक गुलाल और रंग बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पांच महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 20 मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत पास के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रोजाना की तरह फैक्ट्री में करीब 30 मजदूर गुलाल और रंग बनाने के काम में जुटे थे। तभी अचानक परिसर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों और काले धुएं ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर फंसे मजदूरों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन धुआं इतना घना था कि उन्हें बाहर निकलने का रास्ता नहीं सूझा।
फैक्ट्री में बाहर से ताला लगा होने का आरोप
हादसे के बाद एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। जब अंदर आग लगी, तो मजदूर चाहकर भी बाहर नहीं भाग सके और अंदर ही फंसकर रह गए। इसी वजह से यह हादसा इतना बड़ा और दर्दनाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जींद के उपायुक्त (DC) मोहम्मद इमरान रजा और पुलिस अधीक्षक (SP) कुलदीप सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
Also Read: Lucknow News: बुलेट को टक्कर मार बाप-बेटे की जान लेने वाला कार चालक गिरफ्तार, महिंद्रा XUV बरामद

