बिहार विधानसभा चुनाव में JMM को भी होना चाहिए गठबंधन में शामिल: पप्पू यादव
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इंडिया अलायंस में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को भी शामिल करने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक बड़े और मजबूत गठबंधन की जरूरत है।
हेमंत सोरेन हमारे साथ रहें: पप्पू यादव
पप्पू यादव ने कहा, कांग्रेस हमेशा अपनी विचारधारा, अपने कार्यकर्ताओं और गठबंधन के सम्मान को सबसे ऊपर रखती है। कांग्रेस चाहती है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) हमारे गठबंधन का हिस्सा बने। मेरी निजी राय है कि हेमंत सोरेन को हर हाल में हमारे साथ रहना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि लगभग 2 से 2.5 प्रतिशत वोट बैंक हेमंत सोरेन को अपना नेता मानता है, जिससे गठबंधन को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा, हम लोग एक बहुत बड़े गठबंधन के पक्ष में हैं, जिसमें वामपंथ, माले, मुकेश सहनी का दल और हेमंत सोरेन का दल शामिल हों। पप्पू यादव ने जोर देकर कहा कि उनके नेता (राहुल गांधी) का निर्णय सर्वोपरि है, क्योंकि वे लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं और महागठबंधन को मजबूत देखना चाहते हैं, और हम इसे कमजोर होने नहीं देंगे।
राजद की असहजता पर दिया जवाब
जब पप्पू यादव और कांग्रेस के बीच बढ़ती नजदीकियों से राजद के असहज होने के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, कोई असहज नहीं है। हम सभी एक हैं। लालू यादव और हम लोग मिलकर निश्चित रूप से बिहार में हर कीमत पर गठबंधन को मजबूत रखेंगे। कौन असहज है, उससे मेरा कोई सवाल नहीं है। मैं अपने नेता के निर्णय के साथ हूं।
तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर पप्पू यादव ने सीधा जवाब न देते हुए कहा, हम अपने नेता (राहुल गांधी) के विजन के साथ एनडीए को हराएंगे और उनके विजन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे। गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चल रहा है। इस साल के अंत तक राज्य में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है, जिसके लिए सभी दल अपनी रणनीतियां बनाने में जुटे हैं।
Also Read: यूपी विधानसभा में जल्द लगेगा हाईटेक एआई निगरानी सिस्टम, हर विधायक की गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर

