बरेली पुलिस और एसओजी की संयुक्त छापेमारी, 1.25 करोड़ की स्मैक के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। इज्जतनगर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने सोमवार (27 मई 2025) को चार तस्करों को 996 ग्राम क्रूड स्मैक (मार्फिन) के साथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तारी कुम्हरा कट के पास एक सड़क किनारे से की गई। टीम ने तस्करों के पास से एक थार कार (UP-25BX-9090) और पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
- नसरुद्दीन, पुत्र समरुद्दीन, निवासी ग्राम लभेडा, थाना हाफिजगंज, बरेली
- कलीम अहमद, पुत्र नियाज अहमद, निवासी मोहल्ला बंगसान, थाना कटरा, शाहजहांपुर
- बच्चन, पुत्र अनवार, निवासी मोहल्ला जिलेजार, थाना तिलहर, शाहजहांपुर
- तस्लीम, पुत्र इस्लाम खां, निवासी रम्पुरा, थाना भोजीपुरा
पुलिस ने चारों के खिलाफ थाना इज्जतनगर में एनडीपीएस एक्ट (धारा 8/21) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
पूछताछ में खुलासा
मुख्य आरोपी नसरुद्दीन ने बताया कि वह पहले ट्रांसपोर्ट का काम करता था। इसी दौरान मणिपुर में कुछ संदिग्ध लोगों से संपर्क हुआ और वह स्मैक की तस्करी में शामिल हो गया। उसने बताया कि उसका साथी कलीम ट्रक ड्राइवर है और मणिपुर तक माल लेकर जाता है। वापसी में वह ट्रकों में छिपाकर स्मैक लाते हैं।
तीनों अन्य साथी बच्चन, तस्लीम और खुद नसरुद्दीन कभी ट्रेन तो कभी बस से मणिपुर जाते और ड्राइवरों की मदद से मादक पदार्थ छिपाकर बरेली, शाहजहांपुर जैसे जिलों में लाकर ऊंचे दामों पर बेचते। गिरफ्तार की गई स्मैक भी मणिपुर से लाकर शाहजहांपुर ले जाई जा रही थी।

बरामदगी का विवरण
- 996 ग्राम क्रूड स्मैक (मार्फिन)
- 05 एंड्रॉइड मोबाइल फोन
- थार कार (UP-25BX-9090)
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चारों आरोपियों पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। नसरुद्दीन, कलीम, बच्चन और तस्लीम पर पशु क्रूरता, घरेलू हिंसा और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुके हैं।
Also Read: बाल श्रम की चुनौतियों से निपटने को तैयार योगी सरकार, प्रदेश भर में जिला टास्क फोर्स का होगा गठन

