JSSC CGL रद्द, फिर भी नहीं माने छात्र! CBI जांच पर अड़ा एक गुट, रांची में आंदोलन जारी

Ranchi Student Protest: झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के सरकार के फैसले के बावजूद छात्रों का आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सरकार ने परीक्षा रद्द करने समेत कई मांगें मान ली हैं, लेकिन CBI जांच की मांग को लेकर छात्रों का एक गुट अब भी प्रदर्शन पर डटा है।

छात्रों का कहना है कि परीक्षा रद्द करना पर्याप्त नहीं है। पूरे मामले की निष्पक्ष और भरोसेमंद जांच के लिए CBI को जांच सौंपनी चाहिए। इसी मांग को लेकर रांची में आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया है।

5 छात्रों ने तोड़ा अनशन, 2 अब भी डटे

देर रात करीब एक बजे झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और डॉ. इरफान अंसारी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आमरण अनशन कर रहे छात्र नेताओं से बातचीत की और उन्हें अनशन खत्म करने के लिए मनाया।

इसके बाद आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र महतो ने अनशन तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती हबीबा और राहुल समेत अब तक कुल पांच छात्रों ने अनशन खत्म कर दिया है। हालांकि, दो छात्र अभी भी आमरण अनशन (Hunger Strike) पर हैं और मांग पूरी होने तक आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

Ranchi Student Protest: प्रदर्शन स्थल पर जयराम महतो भी पहुंचे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने सरकार की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार ने JSSC CGL परीक्षा रद्द कर दी है तो अब मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

उनका कहना है कि छात्रों की मांग अब CBI जांच की है और जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

देवेंद्र महतो बोले- अनशन खत्म, आंदोलन नहीं

अनशन खत्म करने के बाद देवेंद्र महतो ने साफ किया कि छात्रों का संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अनशन टूटा है, आंदोलन नहीं।

यानी सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले के बाद आंदोलन (Ranchi Student Protest) का एक चरण भले खत्म हुआ हो, लेकिन CBI जांच की मांग ने झारखंड सरकार की मुश्किलें अभी पूरी तरह खत्म नहीं होने दी हैं।

Also Read: वंदे मातरम् विवाद में सोनिया गांधी पर FIR की मांग, कर्नाटक में BJP ने दर्ज कराई शिकायत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.