संसदीय समिति के समक्ष पेश हुए जस्टिस यशवंत वर्मा, बोले- जब आग लगी मैं घर पर नहीं था

Sandesh Wahak Digital Desk: अपने खिलाफ महाभियोग (Impeachment) की कार्यवाही का सामना कर रहे इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा आखिरकार लोकसभा स्पीकर द्वारा गठित जांच समिति के सामने पेश हुए। सुप्रीम कोर्ट से राहत न मिलने के बाद उन्होंने समिति के समक्ष अपना पक्ष रखा और खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया।

पुलिस और फायर विभाग की लापरवाही का खामियाजा मैं क्यों भुगतूं

जांच समिति के सामने जस्टिस वर्मा ने पुरजोर तरीके से अपना बचाव किया। उन्होंने घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा, जब दिल्ली स्थित मेरे सरकारी आवास पर आग लगी, तब मैं घर पर मौजूद नहीं था। मैं घटना स्थल पर पहुंचने वाला पहला व्यक्ति भी नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी घर को सुरक्षित रखने में नाकाम रहे, तो इसके लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराना गलत है। जस्टिस वर्मा ने पूछा, अगर अधिकारी अपनी ड्यूटी सही से नहीं कर पाए, तो मेरे खिलाफ महाभियोग क्यों लाया जाना चाहिए?

कैश की बरामदगी पर बड़ा दावा

पिछले साल मार्च में उनके घर के स्टोर रूम में लगी आग के दौरान भारी मात्रा में अधजले कैश मिलने की बात सामने आई थी। इस पर जस्टिस वर्मा ने कहा, शुरुआत में मौके से कोई कैश बरामद नहीं हुआ था। पैसे मिलने की बात बाद में सामने आई। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट की आंतरिक समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि जिस कमरे में कैश मिला, वहां जस्टिस वर्मा और उनके परिवार का एक्टिव कंट्रोल था। लेकिन जस्टिस वर्मा ने समिति से कहा कि चूंकि वह मौके पर नहीं थे, इसलिए कमरे की सुरक्षा उनके हाथ में नहीं थी।

क्या है पूरा मामला

मार्च 2025 में दिल्ली में जस्टिस वर्मा के आवास के स्टोर रूम में आग लगी थी। दमकलकर्मियों को वहां कथित तौर पर अधजले नोटों के ढेर मिले थे, जो करीब 1.5 फीट ऊंचे थे। तत्कालीन चीफ जस्टिस संजीव खन्ना ने मामले का संज्ञान लेते हुए उनका ट्रांसफर दिल्ली से इलाहाबाद हाई कोर्ट कर दिया था।

अगस्त, 2025 में लोकसभा स्पीकर ने उन पर लगे आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय पैनल बनाया। जस्टिस वर्मा ने इस पैनल के गठन को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन अदालत ने उन्हें कोई राहत नहीं दी और समिति के सामने पेश होने का आदेश दिया।

Also Read: Lucknow News: ऐशबाग रोड पर गांजा तस्कर गिरफ्तार, एक किलो से ज्यादा माल बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.