कैसरगंज समाधान दिवस: 62 फरियादियों ने लगाई गुहार, एसडीएम बोले- लापरवाही की तो खैर नहीं

कैसरगंज (बहराइच): जनता की समस्याओं को सुनने के लिए शनिवार को कैसरगंज तहसील सभागार में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान शिकायतों का अंबार तो लगा, लेकिन मौके पर समाधान की रफ्तार काफी धीमी रही। कुल आई 62 शिकायतों में से प्रशासन केवल 5 का ही तुरंत निस्तारण कर पाया।

एक हफ्ते की ‘डेडलाइन’ तय

मौके पर शिकायतों की बड़ी संख्या और लंबित मामलों को देख एसडीएम अखिलेश सिंह ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी विभागों के अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में निर्देश दिया कि जितनी भी शिकायतें बची हैं, उन्हें एक हफ्ते के भीतर हर हाल में निपटाया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में ढिलाई या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

कैसरगंज समाधान दिवस: 62 फरियादियों ने लगाई गुहार, एसडीएम बोले- लापरवाही की तो खैर नहीं

किस विभाग की कितनी शिकायतें?

हमेशा की तरह इस बार भी जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों का बोलबाला रहा। शिकायतों का विभागवार आंकड़ा कुछ इस तरह है।

राजस्व विभाग: 35 शिकायतें (सबसे अधिक)

पुलिस विभाग: 13 शिकायतें

विकास विभाग: 09 शिकायतें

समाज कल्याण व बिजली विभाग: 02-02 शिकायतें

नगर पंचायत: 01 शिकायत

गुणवत्ता पर जोर

एसडीएम ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे केवल कागजों पर खानापूर्ति न करें, बल्कि मौके पर जाकर (स्थलीय जांच) गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जब शिकायत का निपटारा हो जाए, तो इसकी जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी समय पर दी जाए।

इस बैठक में तहसीलदार मीना गौड़, नायब तहसीलदार सचिन श्रीवास्तव सहित तहसील के तमाम लेखपाल और अन्य विभागों के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: यूपी में सड़क हादसों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 55 जिलों में शुरू हुआ ‘जीरो फैटेलिटी’ मिशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.