Bahraich News: कैसरगंज में गूंजा एकता का मंत्र, ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ में उमड़ा जनसैलाब

कैसरगंज (बहराइच): हिंदू सम्मेलन समिति की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत एक पदयात्रा से हुई। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में युवाओं ने इस यात्रा के जरिए हिंदू एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। यात्रा के बाद मुख्य कार्यक्रम एस.आर. मैरिज हॉल में संपन्न हुआ, जहां अनुशासन और सौहार्द का माहौल देखते ही बन रहा था।

सांस्कृतिक चेतना और स्वाभिमान पर जोर

सम्मेलन के मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन ने अपने संबोधन से लोगों में नई ऊर्जा भर दी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की असली ताकत आपसी प्रेम, सहयोग और समन्वय में छिपी है। उन्होंने समाज को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक चेतना के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

Bahraich News: कैसरगंज में गूंजा एकता का मंत्र, 'विराट हिंदू सम्मेलन' में उमड़ा जनसैलाब

युवाओं को राष्ट्र निर्माण का संदेश

स्वान्त रंजन ने विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रहित ही सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और समाज के निर्माण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम के बाद आयोजित ‘सहभोज’ में समाज के हर वर्ग के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जो सामाजिक समरसता की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

व्यवस्था में युवाओं का दिखा दम

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में युवा सभासद प्रतिनिधि हिमांशु सिंह, प्रफुल्ल सिंह रैकवार और उनकी टीम ने दिन-रात मेहनत की। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को आपस में जोड़ने का काम करते हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की जरूरत है।

कार्यक्रम में रविगिरी महाराज, मंजुला उपाध्याय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह, अरुण सिंह, पवन सिंह और शिवानंद सिंह समेत क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Also Read: अमेठी: कंचन गुप्ता ने पेश की महिला नेतृत्व की मिसाल, बोलीं- ‘सशक्त नारी वह जो सत्य और मर्यादा को शस्त्र बनाए’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.