कंगना रनौत का सदन में हंगामा करने वालों पर हमला, बोलीं- बिगड़े हुए शहजादे हैं

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के मॉनसून सत्र के आखिरी दिन भाजपा सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष के हंगामे पर कड़ी नाराजगी जताई है। मंडी से सांसद कंगना ने इस बात पर हैरानी जताई कि विपक्ष ने उन बिलों पर भी हंगामा किया, जो मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक को हटाने की बात करते हैं।

सत्र में जनता का नुकसान हुआ

कंगना रनौत ने कहा कि यह सत्र जैसा चला, वैसा अपेक्षित नहीं था। उन्होंने बताया कि सत्ता पक्ष 120 घंटे की चर्चा करना चाहता था, लेकिन हंगामा होने के कारण ऐसा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा, स्पीकर ने भी हंगामा करने वालों को फटकार लगाई है। इस व्यवहार से जनता के साथ-साथ देश का भी काफी नुकसान होता है।

वोट चोरी का आरोप बेतुका

विपक्ष द्वारा वोट चोरी और SIR (Software for Intelligent Results) प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों पर कंगना ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, SIR प्रक्रिया तो पुरानी सरकारों के दौर में भी चलती थी। अब तो इसे बेहतर बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों, फर्जी वोटरों और डबल वोटरों की पहचान करना जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सही काम हो रहा है तो विपक्ष को दिक्कत क्यों हो रही है?

उन्होंने विपक्ष के इस व्यवहार को बेतूका बताया और कहा कि वे न तो कोई एक्शन ले रहे हैं और न ही माफी मांग रहे हैं। कंगना ने उन्हें बिगड़े हुए शहजादे कहा।

संसद में हुआ शर्मनाक व्यवहार

कंगना ने बुधवार को सदन में हुई घटना पर भी कड़ी आपत्ति जताई, जब विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह पर कागज के गोले फेंके थे। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा, जिस तरह का दृश्य हमने संसद में देखा, वह किसी भी सभ्य समाज को शर्मिंदा कर देगा। यह सबसे बड़ी चिंता का विषय है कि संसद के भीतर ऐसा कब तक चलता रहेगा।

Also Read: Yo-Yo की जगह ब्रोंको टेस्ट, गेंदबाजों की फिटनेस पर BCCI सख्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.