सियासी मैदान के बाद अब फिल्मी सेट पर लौटीं कंगना रनौत, नई फिल्म भारत भाग्य विधाता की शूटिंग शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी कर रही हैं। संसद के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे हमले बोलने के बाद, कंगना अब अपनी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के सेट पर पहुंच गई हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपनी इस खुशी को फैंस के साथ बांटा है।
कंगना ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें वह निर्देशक मनोज तापड़िया के साथ नजर आ रही हैं। वीडियो में कंगना पूरी तरह से फिल्मी माहौल में रमी हुई दिख रही हैं और निर्देशक उन्हें सीन समझा रहे हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “फिल्म के सेट पर वापसी कर बहुत अच्छा लग रहा है। राजनीति की आपाधापी के बाद फिल्मी दुनिया का यह सुकून उनके चेहरे पर साफ देखा जा सकता है।
क्या है भारत भाग्य विधाता की कहानी
कंगना की यह फिल्म एक देशभक्ति ड्रामा है। फिल्म उन महान और गुमनाम नायकों की बहादुरी की कहानियों पर आधारित है, जिनके साहस के बारे में दुनिया को ज्यादा जानकारी नहीं है। फिल्म का निर्देशन मनोज तापड़िया कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले ‘मद्रास कैफे’, ‘चीनी कम’ और ‘एनएच10’ जैसी बेहतरीन फिल्मों पर काम किया है। बबीता आशिवाल और आदि शर्मा मिलकर इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
कंगना के लिए यह फिल्म काफी अहम है क्योंकि उनकी पिछली फिल्म ‘इमरजेंसी’ बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। लगभग 60 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बमुश्किल 20 करोड़ का कलेक्शन किया था। विवादों और देरी के कारण ‘इमरजेंसी’ को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। अब कंगना को उम्मीद है कि ‘भारत भाग्य विधाता’ उनके करियर में एक बार फिर सफलता का स्वाद चखाएगी।
Also Read: राम रहीम की पैरोल के बीच अबू सलेम ने भी खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा, मांगी ‘इमरजेंसी पैरोल’

