कंगना रनौत ने किसान मानहानि केस में सुप्रीम कोर्ट से वापस ली याचिका

Sandesh Wahak Digital Desk: अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से अपनी एक याचिका वापस ले ली। यह याचिका उन्होंने 2020-21 के किसान आंदोलन से जुड़े एक ट्वीट के मामले में दायर मानहानि की शिकायत को रद्द करने के लिए लगाई थी।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही थी। पीठ ने जब याचिका पर सुनवाई करने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई, तो कंगना के वकील ने इसे वापस लेने का फैसला किया।

क्या है पूरा मामला

यह पूरा मामला 2020-21 के किसान आंदोलन से जुड़ा है, जब कंगना ने एक महिला प्रदर्शनकारी के बारे में टिप्पणी करते हुए एक ट्वीट को रीट्वीट किया था। इसके बाद, पंजाब के बठिंडा जिले की रहने वाली 73 वर्षीय महिंदर कौर ने जनवरी 2021 में बठिंडा की एक अदालत में कंगना के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी।

महिंदर कौर ने अपनी शिकायत में दावा किया था कि कंगना ने अपने ट्वीट में उन्हें शाहीन बाग वाली दादी कहकर उन पर झूठे आरोप लगाए थे। कंगना के वकील ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में इस शिकायत को चुनौती दी थी, लेकिन जब मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, तो उन्हें अपनी याचिका वापस लेनी पड़ी।

Also Read: दिल्ली हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.