Kannauj News: सफाईकर्मियों ने कराई डिलीवरी, पत्नी की मौत के बाद न्याय को भटक रहा पति

Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ अस्पताल प्रशासन की भारी लापरवाही के कारण एक गर्भवती महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। पीड़ित पति तेज प्रकाश कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि डॉक्टरों की अनुपस्थिति में सफाईकर्मियों ने उनकी पत्नी की डिलीवरी की, जिससे हालात बिगड़ गए और उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई।

पीड़ित तेज प्रकाश ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे अपनी गर्भवती पत्नी को कन्नौज के विनोद दीक्षित अस्पताल ले गए थे। आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। डॉक्टरों की जगह वहां तैनात सफाईकर्मियों ने ही डिलीवरी करने का जोखिम उठा लिया। लापरवाही का आलम यह था कि प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लडिंग) होने लगा। जब स्थिति हाथ से निकल गई, तो अस्पताल ने पल्ला झाड़ते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पतालों के चक्कर काटते थमी सांसें

लापरवाही का सिलसिला यहीं नहीं रुका। तेज प्रकाश के अनुसार वह पत्नी को लेकर जिला अस्पताल गया लेकिन यहाँ भी डॉक्टरों का रवैया बेहद संवेदनहीन रहा। बिना उचित इलाज के यहां से मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। सरकारी सिस्टम से हारकर जब पति अपनी पत्नी को कानपुर के निजी अस्पताल ले जा रहा था, तब रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।

गनीमत रही कि मासूम बच्चे की जान बच गई, जिसे 10 दिनों तक कानपुर के चिल्ड्रन अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा। अब पीड़ित पति इंसाफ के लिए सरकारी दफ्तरों की खाक छान रहा है। तेज प्रकाश का कहना है कि वह अब तक 10 बार जिला कार्यालय के चक्कर लगा चुका है। मंगलवार को एसडीएम ने उसे आश्वासन दिया है कि फाइल आगे बढ़ा दी गई है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री कार्यालय (लखनऊ) में भी गुहार लगाई, लेकिन वहां के अधिकारियों के व्यवहार को भी उन्होंने निराशाजनक बताया।

Also Read: Lucknow News: फिर डायमंड डेरी कॉलोनी पहुंचे सुरेश खन्ना, बोले- कब्जा हटा, अब यहां बनेगा ओपन जिम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.