कन्नौज में कांवड़ियों को रोकने पर बवाल, ADM ने मांगी माफी, कोतवाल ने दिया इस्तीफा

Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में शुक्रवार देर शाम कांवड़ यात्रा को लेकर जमकर हंगामा हो गया। बिलग्राम से डीजे और बड़ी कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं को बोर्डिंग मैदान के मुख्य गेट पर रोक दिया गया। इससे नाराज कांवड़ियों ने पुलिस के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर जुट गए और नारेबाजी करने लगे।

कांवड़ियों का आरोप था कि रोकने के दौरान पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की। बिलग्राम निवासी कांवड़िया हिमांशु के साथ मारपीट का आरोप भी लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया।

ADM ने मांगी माफी, कोतवाल ने सौंपा इस्तीफा

हंगामे की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों से बातचीत की और घटनाक्रम पर खेद जताते हुए माफी मांगी।

विरोध के बीच कांवड़ियों ने कोतवाल को निलंबित करने की मांग रखी। इसके बाद सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने अपना इस्तीफा सौंप दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई।

रात 10:15 बजे मंदिर के लिए रवाना हुए कांवड़िए

कई घंटे चले गतिरोध के बाद रात करीब 10:15 बजे कांवड़िए बाबा गौरी शंकर मंदिर के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। इसके बाद इलाके में तनाव कम हुआ और स्थिति सामान्य होने लगी।

Also Read: वाराणसी में गंगा चेतावनी बिंदु के करीब, खेतों में घुसा बाढ़ का पानी, पलायन शुरू 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.