Kannauj News: एक्सप्रेसवे हादसे में सहायक जीएसटी कमिश्नर की मौत, पत्नी और ड्राइवर घायल
Kannauj News: कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मथुरा के सहायक जीएसटी कमिश्नर अनुभव सिंह (45) की मौत हो गई।
हादसे के समय वह अपनी पत्नी और चालक के साथ लखनऊ जा रहे थे। उनकी टाटा सफारी कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी। हादसे में उनकी पत्नी रूमा सिंह और चालक अंकित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का इलाज सैफई के मिनी पीजीआई में चल रहा है।
सहायक कमिश्नर जीएसटी के पद पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, अनुभव सिंह श्रावस्ती जनपद के भिनगा थाना क्षेत्र स्थित शिवाजी पुरम के रहने वाले थे और इस समय मथुरा में सहायक कमिश्नर जीएसटी के पद पर तैनात थे। 4 अगस्त की सुबह लगभग 7 बजे वे मथुरा से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। कार में उनके साथ उनकी पत्नी और चालक अंकित सिंह, निवासी ग्राम केशवापुर (जनपद बहराइच) भी मौजूद थे।
ब्रेक लगाने पर गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया।
हादसा उस समय हुआ जब ओवरटेक लेन में पानी भरा था। चालक के अनुसार, तेज गति के कारण ब्रेक लगाने पर गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया और वह फिसलते हुए रेलिंग और डिवाइडर को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की सेफ्टी टीम, एंबुलेंस और सकरावा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सैफई के मिनी पीजीआई में भर्ती कराया।
परिवार में कोहराम मचा।
दुर्भाग्यवश, देर रात इलाज के दौरान अनुभव सिंह ने दम तोड़ दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। इस हादसे ने एक बार फिर से एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और जलभराव जैसी समस्याओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि घायल पत्नी और चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
Also Read: फिलीपींस के राष्ट्रपति का भारत में भव्य स्वागत, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर

