कानपुर में 12 मिनट की परफॉर्मेंस के बाद चली गईं अंजलि अरोड़ा, आयोजक ने भेजा 1.20 करोड़ का नोटिस
Anjali Arora Legal Notice: कानपुर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ‘कच्चा बादाम’ गाने से चर्चित हुईं अंजलि अरोड़ा एक कार्यक्रम को लेकर विवादों में हैं। 15 अक्टूबर को लाजपत भवन में आयोजित नगाड़ा नाइट डांडिया कार्यक्रम में करीब 12 मिनट प्रस्तुति देने के बाद उनके मंच छोड़कर जाने का मामला अब कानूनी नोटिस तक पहुंच गया है। आयोजक आशीष कुमार ने अंजलि को 1.20 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है। आयोजक के वकील करीम अहमद सिद्दीकी ने इसकी जानकारी दी।
आयोजक का आरोप है कि अंजलि के अचानक कार्यक्रम छोड़ने से आयोजन प्रभावित हुआ और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि, नोटिस में लगाए गए आरोपों पर अंजलि अरोड़ा का पक्ष सामने नहीं आया है।
₹3 लाख में हुआ था कार्यक्रम का समझौता
कार्यक्रम से जुड़े लोगों के मुताबिक, अंजलि अरोड़ा की प्रस्तुति के लिए तीन लाख रुपये में समझौता हुआ था। आयोजकों का दावा है कि इसमें से 2.75 लाख रुपये उनके बैंक खाते में भेजे जा चुके थे।
नगाड़ा नाइट डांडिया कार्यक्रम शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुआ था। अंजलि रात लगभग 9:52 बजे मंच पर पहुंचीं। उन्हें देखने और उनकी प्रस्तुति का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
मंच पर आने के बाद अंजलि ने कानपुर के लोगों का अभिवादन किया और ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ गाने पर प्रस्तुति दी। इसी दौरान उन्होंने भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
‘कलाकारों का सम्मान करना नहीं आता?’ मंच से जताई नाराजगी
अंजलि अरोड़ा ने कहा कि दर्शकों की सुरक्षा का ठीक से ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने भीड़ में किसी व्यक्ति को चोट लगने की बात भी कही। इसके बाद डीजे पर उनका चर्चित गाना ‘कच्चा बादाम’ बजाया गया, जिस पर वह नाराज हो गईं।
अंजलि ने प्रस्तुति रोक दी और आयोजकों को मंच पर बुलाने की मांग की। उन्होंने माइक पर सवाल उठाया कि क्या कलाकारों का सम्मान करना नहीं आता और आयोजन का प्रबंधन कहां है।
उन्होंने दर्शकों से माफी भी मांगी। अंजलि ने कहा कि लोग घंटों से गर्मी में इंतजार कर रहे हैं, इसलिए कार्यक्रम की व्यवस्थाएं बेहतर होनी चाहिए थीं।
कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के अनुसार, अंजलि ने स्मृति चिह्न यानी मोमेंटो लेने से भी इनकार कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद वह मंच छोड़कर चली गईं। उनकी नाराजगी और कार्यक्रम बीच में छोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
अब आयोजक की ओर से 1.20 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद विवाद बढ़ गया है। मामले में नोटिस के दावों और आरोपों पर अंजलि अरोड़ा का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Also Read: बिना फॉर्म-8 बदल दिए वोटरों के नाम! पीलीभीत में 10 हजार एंट्री में गड़बड़ी, पूरे UP में जांच के आदेश

