‘हमारा इतिहास भी बहुत गंदा है’, बीजेपी विधायक का पुलिस को खुला चैलेंज!
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर के बिल्हौर कस्बे के जाफरशाह इलाके में गोवंश के अवशेषों का जखीरा मिलने के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया है। इस घटना से गुस्साए बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। तनाव इतना बढ़ गया कि इलाके में पीएसी (PAC) तैनात करनी पड़ी। इसी बीच बिल्हौर के बीजेपी विधायक राहुल बच्चा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे थाने के अंदर पुलिसकर्मियों को अपनी ‘हिस्ट्री’ याद दिलाते हुए चेतावनी दे रहे हैं।
थाने में बिगड़े विधायक के बोल
वायरल वीडियो में विधायक राहुल बच्चा पुलिस अधिकारियों पर बरसते हुए कह रहे हैं, “अपने उच्चाधिकारियों को बता दीजिए कि यहां कोई राजनीति नहीं हो रही है। आप हमें और यहाँ के लोगों को अभी जानते नहीं हैं। यह जान लीजिए कि हमारा इतिहास भी बहुत गंदा है, हम उतने पाक-साफ नहीं हैं जितना आप समझ रहे हैं।” विधायक ने पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि गोकशी करने वालों के साथ वैसा ही सलूक होना चाहिए जैसा एक हत्यारे के साथ होता है।
इंस्पेक्टर समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से यह अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा था। कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस सबूत मांगकर टाल देती थी। मामले की गंभीरता देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को तुरंत निलंबित (Suspend) कर दिया है।
आरोपियों की गाड़ियों में तोड़फोड़, छावनी बना इलाका
जब टीनशेड के बाड़े में गोवंश के अवशेष मिले, तो भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने गांव के ही तीन आरोपियों के घर धावा बोला। आरोपी परिवार समेत फरार हो चुके थे, जिसके बाद भीड़ ने उनके घर के बाहर खड़ी दो गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। तनाव को देखते हुए आसपास के पांच थानों की फोर्स और पीएसी की एक कंपनी को जाफरशाह में तैनात किया गया है।
कैसे हुआ भंडाफोड़?
सोशल मीडिया पर गोकशी का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठन मौके पर पहुंचे थे। वहां टीनशेड से घिरे एक बाड़े में भारी मात्रा में गोवंश के अवशेष दबे मिले। ग्रामीणों का कहना है कि बगल के बाड़े में गोवंश को काटा जाता था और मांस सप्लाई करने के बाद अवशेषों को वहीं दबा दिया जाता था।
फिलहाल पुलिस ने पांच टीमें गठित की हैं जो फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस कमिश्नर का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Also Read: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नितिन नबीन 19 जनवरी को करेंगे नामांकन, 20 को होगा आधिकारिक ऐलान

