कानपुर पटाखा गोदाम धमाका: पुलिस ने 100 क्विंटल से ज़्यादा विस्फोटक किया जब्त, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
Kanpur News: कानपुर के मेस्टन रोड स्थित मिश्री बाजार में बुधवार रात करीब 7:30 बजे अवैध पटाखों के भंडार में हुए भीषण धमाके ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। गनीमत रही कि इस विस्फोट में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
पुलिस ने शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया था कि यह धमाका किसी आतंकी घटना या देशविरोधी गतिविधियों से जुड़ा नहीं है, बल्कि अवैध पटाखों के बारूद के कारण हुआ था। धमाके के बाद कानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने शहर में अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ़ व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया।
देर रात से चले इस अभियान में पुलिस ने मूलगंज, फजलगंज, नौबस्ता और गोविंद नगर जैसे इलाकों से 100 क्विंटल से अधिक अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त की। अवैध भंडारण और बिक्री के लिए इस्तेमाल हो रही 18 दुकानें और 3 गोदामों को सील कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में 26 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण से जुड़े लोग शामिल हैं। जाँच में खुलासा हुआ कि मिश्री बाजार में चोरी की स्कूटी के जरिए बारूद की आपूर्ति की जा रही थी, इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
UPPFactCheck 🚨
The social media post claiming that 8 Indian soldiers died in a firecracker explosion in Kanpur Nagar is completely misleading.
Investigation by @kanpurnagarpol has confirmed that the incident was an accidental explosion caused by illegal firecracker storage. No… pic.twitter.com/U23BgpTXIs
— UP POLICE (@Uppolice) October 9, 2025
अफवाहों पर पुलिस का सख्त खंडन
धमाके के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। सैनिकों की मौत, मस्जिद क्षतिग्रस्त होने, और आरएसएस स्वयंसेवकों की संलिप्तता जैसी कई निराधार अफवाहें फैलाई गईं।
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने इन सभी अफवाहों का खंडन करते हुए कहा, यह धमाका अवैध पटाखों के कारण हुआ और इसमें किसी सामाजिक या संगठनात्मक साजिश के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
NIA और अन्य खुफिया एजेंसियां इन अफवाहों के पीछे संदिग्ध बाहरी और स्थानीय तत्वों की पहचान कर रही हैं। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अनधिकृत खबरों पर भरोसा न करें और शांति बनाए रखें।
4 पुलिसकर्मी निलंबित, ACP सर्कल से हटे
जाँच में यह सामने आया कि मिश्री बाजार में अवैध पटाखों का कारोबार थाने से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर चल रहा था। इस गंभीर लापरवाही के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है। थानाप्रभारी, चौकी प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है, और एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार को सर्कल से हटा दिया गया है।
Also Read: काबुल में भारतीय दूतावास फिर से होगा शुरू, जयशंकर ने अफगान विदेश मंत्री के साथ बैठक में की घोषणा

