कानपुर: नाबालिग से गैंगरेप मामले में पत्रकार गिरफ्तार, दरोगा की तलाश में जुटी 4 टीमें
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक रक्षक ही भक्षक बन गया। सचेंडी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ चलती स्कॉर्पियो में गैंगरेप का मामला सामने आया है। इस घिनौनी वारदात का मुख्य आरोपी भीमसेन चौकी प्रभारी (दरोगा) अमित मौर्या है, जिसने अपने एक साथी पत्रकार के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी दरोगा फिलहाल फरार है।
शौच के लिए निकली थी किशोरी, गाड़ी में खींच ले गए दरिंदे
पीड़िता के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर से बाहर निकली थी। तभी स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। आरोपी उसे रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान इलाके में ले गए और करीब दो घंटे तक कार के अंदर ही उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। चीख-पुकार बाहर न जा सके, इसके लिए गाड़ी के शीशे बंद कर दिए गए थे। आधी रात को आरोपी उसे घर के पास फेंक कर भाग निकले।
थाना प्रभारी और दरोगा सस्पेंड
जैसे ही मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया, पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामले की शुरुआत में ढिलाई बरतने और पॉक्सो एक्ट न लगाने के आरोप में सचेंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपी दरोगा अमित मौर्या को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
कथित पत्रकार गिरफ्तार, दरोगा की तलाश जारी
पुलिस ने वारदात में शामिल दूसरे आरोपी शिवबरन (कथित पत्रकार) को दबोच लिया है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पष्ट किया है कि आरोपी पुलिसकर्मी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि नाबालिग से जुड़े संवेदनशील मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस के भीतर छिपे अपराधियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। कानपुर की जनता में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।
Also Read: ‘सपा सिर्फ एक खानदान की पार्टी, SIR पर फैला रही है झूठ’, बृजेश पाठक का अखिलेश यादव पर हमला

