कानपुर: KDA का अतिक्रमण हटाओ अभियान, करोड़ों की जमीन कब्जा मुक्त, टीम और जेसीबी पर पथराव

Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने शनिवार को उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर जोन-4 में अवैध कब्जों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान देहली सुजानपुर और तौधकपुर गांवों में प्राधिकरण की करोड़ों रुपये की जमीन कब्जा मुक्त कराई गई। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा पथराव किया गया, जिसमें जेसीबी मशीन क्षतिग्रस्त हो गई।

₹5 करोड़ की जमीन मुक्त कराई

देहली सुजानपुर की अराजी संख्या 1696 और 1697 पर लगभग पांच हजार वर्ग मीटर भूमि को अवैध निर्माण व अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई इस जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग पांच करोड़ रुपये आंका गया है। मौके पर अंकित गुप्ता और ममता गुप्ता सहित कुछ अन्य लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की सूचना मिली। देहली तौधकपुर की अराजी संख्या 341 पर भी सीमा दीवार खड़ी कर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।

पथराव और एफआईआर

कार्रवाई के दौरान स्थानीय कुछ अज्ञात लोगों ने प्राधिकरण की टीम और जेसीबी मशीन पर पथराव किया, जिससे मशीन को नुकसान पहुँचा। प्राधिकरण ने इस घटना के संबंध में सनिगवां थाना में नामजद और अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज करवाई है। पुलिस अब मामले की जाँच कर रही है।

केडीए ने स्पष्ट किया है कि मुक्त कराई गई जमीन का उपयोग नियमानुसार विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी या प्राधिकरण की भूमि पर अतिक्रमण न करें, क्योंकि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।

Also Read: लखनऊ नगर निगम का चला ‘एंटी-एंक्रोचमेंट’ चाबुक, अतिक्रमण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.