कानपुर में ऑपरेशन के चार महीने बाद महिला के पेट से निकला तौलिया, पति ने की शिकायत, जांच शुरू
Kanpur News: कानपुर में इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही का आरोप सामने आया है। कानपुर देहात के किसान वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि उनकी 24 वर्षीय पत्नी सोनी के पेट के ऑपरेशन के दौरान तौलिया अंदर ही छूट गया था। करीब चार महीने बाद दोबारा सर्जरी में यह तौलिया निकाला गया। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है।
वीरेंद्र के मुताबिक, चार महीने पहले सोनी के पेट में तेज दर्द हुआ था। परिजन उसे मकसूदाबाद स्थित एक अस्पताल ले गए। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चेदानी की ट्यूब फट गई है और पेट में खून जमा हो रहा है। इसके बाद ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई।
पति का आरोप है कि अस्पताल के संचालक ने 10 जून 2026 को कल्याणपुर की पुरानी शिवली रोड स्थित विश्वास हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में सोनी की सर्जरी कराई। ऑपरेशन के बाद उसे वापस अपने अस्पताल ले जाया गया। कुछ दिन बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
टांकों से मवाद निकला, दोबारा सर्जरी में मिला तौलिया
वीरेंद्र के अनुसार, कुछ दिन पहले सोनी के पेट में फिर तेज दर्द होने लगा। ऑपरेशन के टांकों वाली जगह से मवाद भी निकलने लगा। इससे परेशान परिजन उसे 12 अक्टूबर को अकबरपुर के एक अस्पताल ले गए।
वहां डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन करने की सलाह दी। 13 अक्टूबर को सर्जरी के दौरान पेट के अंदर तौलिया मिला, जिसे डॉक्टरों ने बाहर निकाल दिया।
परिजनों का आरोप है कि पहले ऑपरेशन के दौरान पेट में तौलिया छूटने की वजह से सोनी को दोबारा गंभीर परेशानी झेलनी पड़ी। वीरेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी के इलाज और ऑपरेशन के नाम पर उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए।
मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत, सीएमओ ने बनाई टीम
मामले में वीरेंद्र ने कथित चिकित्सकीय लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और कल्याणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। फिलहाल सोनी का इलाज जारी है। जांच में आरोपों की पुष्टि हुई है या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
Also Read: 46 साल पुराने हत्याकांड में दो दोषियों को राहत, हाईकोर्ट ने सजा रद्द कर केस किशोर न्याय बोर्ड भेजा

