Kanpur News: मैगी खाने के लिए बहन की अंगूठी बेचने पहुंचा 13 साल का बच्चा, दुकानदार ने निभाई नेकदिली
Kanpur News: कभी-कभी बच्चों की मासूम इच्छाएं हंसी और आंसू दोनों का कारण बन जाती हैं। ऐसा ही मामला कानपुर के शास्त्री नगर से सामने आया, जहां 13 वर्षीय बच्चा सिर्फ मैगी खाने के लिए अपनी बहन की इंगेजमेंट अंगूठी लेकर ज्वैलर्स की दुकान पहुंच गया।
दुकानदार ने बच्चे की मां को दुकान पर बुलाया
बच्चे की मासूमियत और असावधानी को देखते हुए दुकान के अध्यक्ष पुष्पेंद्र जायसवाल ने बच्चे से सवाल-जवाब किया। बच्चे ने पूरी कहानी बताई कि मैगी के लिए पैसे जुटाने के लिए अंगूठी लाया है। इस पर दुकानदार ने बच्चे की मां को दुकान पर बुलाया और अंगूठी दिखाते हुए पूछा कि क्या यह वही अंगूठी है।
बच्चे की मां ने घबराते हुए बताया कि यह अंगूठी उसकी बेटी की सगाई की है और कुछ ही दिनों में शादी होने वाली है। यदि यह अंगूठी किसी ने खरीद ली होती, तो सगाई पर बुरा असर पड़ सकता था।
घर लौटते समय आंसू बहाए
पुष्पेंद्र जायसवाल ने कहा कि उनके बाजार में ऐसा कभी नहीं होता कि किसी बच्चे का लाया हुआ संदिग्ध सामान बिना जांच के खरीदा जाए। दुकानदार ने बच्चे की मासूमियत को देखते हुए अंगूठी बच्चे की मां को लौटा दी। बच्चे की मां ने अपने बच्चे को लेकर घर लौटते समय आंसू बहाए।
स्थानीय लोगों ने दुकानदार की इस नेकदिली की खूब सराहना की है। सोशल मीडिया पर भी इस नन्हे बच्चे और सजग दुकानदार की कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। यह घटना बच्चों की मासूम ख्वाहिशों को समझने और सही दिशा देने का उदाहरण बन गई है।
Also Read: खान परिवार में ख़ुशी की लहर, अरबाज खान दोबारा बने पिता, पत्नी शूरा ने प्यारी-सी बेटी को दिया जन्म

