Kanpur News: वेश बदलकर कोर्ट पहुंचा 50 हजार का इनामी बदमाश, किया सरेंडर

Kanpur News: कानपुर में दीनू उपाध्याय गैंग से जुड़े 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश और वकील दीपक जादौन ने आखिरकार मंगलवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस को चकमा देने के लिए दीपक सरदार के वेश में कचहरी पहुंचा और वहां सरेंडर किया। अदालत ने उसकी पेशी के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। दीपक जादौन लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसके खिलाफ जमीन कब्जाने, व्यापारी का अपहरण कर रंगदारी मांगने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह फरार था। इस बीच दीनू गैंग के एक-एक कर सभी साथी सलाखों के पीछे भेजे जा चुके थे, ऐसे में दीपक पर दबाव और बढ़ गया।

इनामी बदमाश दीपक जादौन।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस के बढ़ते दबाव और गिरफ्तारी से बचने का कोई रास्ता न देखते हुए दीपक ने आत्मसमर्पण का रास्ता चुना। वह मंगलवार को अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन चतुर्थ की अदालत पहुंचा और वहां सरेंडर कर दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दीपक के आत्मसमर्पण के बाद अब उसके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों की सुनवाई आगे बढ़ेगी और जांच भी तेज होगी। पुलिस को उम्मीद है कि उसके जेल जाने के बाद गैंग से जुड़े बाकी फरार बदमाशों पर भी दबाव बनेगा और वे जल्द कानून के शिकंजे में आएंगे।

पगड़ी पहनकर पहुंचा कोर्ट, सिख समाज नाराज

हैरानी की बात यह रही कि दीपक जादौन सरदार का भेष बनाकर कोर्ट पहुंचा। उसने सिख समुदाय की पगड़ी पहनकर खुद को छिपाने की कोशिश की। इस पर सिख समाज ने नाराजगी जताई है। समुदाय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अपराध में धार्मिक प्रतीकों और पगड़ी का इस्तेमाल करना गलत है और इसकी शिकायत प्रशासन से की जाएगी।

गिरफ्तारी का दबाव बना वजह

दीपक लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उस पर लगातार नजर रखे हुए थी। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस की सख्ती और गैंग के बाकी साथियों की गिरफ्तारी के बाद दीपक ने महसूस किया कि उसके पास अब बचने का कोई रास्ता नहीं है। यही वजह रही कि उसने कोर्ट का सहारा लिया और सरेंडर कर दिया।

Also Read: Siddharthnagar News: किसानों को खाद खरीदने से पहले करना होगा यह काम, जानें क्या है नया नियम?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.