Kanpur News: दारोगा-चौकी इंचार्ज पर उनके ही थाने में मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर में पुलिस की भूमिका पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं। यहां एक महिला ने पुलिसकर्मियों पर बिल्डर के साथ मिलकर उनकी जमीन पर कब्जा करने और घर से कीमती सामान लूटने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह चौंकाने वाला मामला कानपुर के चंद्र नगर, लालबंगला की संगीता जायसवाल की जमीन से जुड़ा है। संगीता का आरोप है कि 29 मार्च को चकेरी थाने के प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला, सनिगवां चौकी के पूर्व इंचार्ज अंकित खटाना, और बिल्डर योगी व धर्मेंद्र यादव सहित करीब 40 अज्ञात लोगों ने उनके भूखंड पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया।
आरोप के मुताबिक, पुलिस बल ने दीवारें और दरवाजे तोड़ दिए। जब पीड़िता के परिवार ने इसका विरोध किया, तो उनकी पिटाई भी की गई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह जमीन का विवाद पहले से ही अदालत में चल रहा था।
घर से कीमती सामान भी गायब
पीड़िता संगीता जायसवाल ने आरोप लगाया है कि पुलिस और बिल्डरों ने न केवल उनकी जमीन छीनी, बल्कि उनके घर से लगभग 6 लाख रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान भी लूट लिए। उन्होंने बताया कि उनके पति का करीब डेढ़ करोड़ रुपये का माल भी ट्रकों से हटा दिया गया। यहां तक कि घर से एक मवेशी भी उठा लिया गया।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि हाईकोर्ट की सुनवाई के बाद इस मामले में थाना प्रभारी और अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सात अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Also Read: UP Politics: नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने जीएसटी दरों पर केंद्र से किए ये अहम सवाल

