Kanpur News: कानपुर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के शव को फंदे से लटका देख छोटे भाई के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुमसुम रहता था युवक
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राज गुप्ता (19) के रूप में हुई है। राज मूल रूप से कन्नौज का रहने वाला था और अपने पिता सौरभ गुप्ता के साथ चकेरी के सफीपुर-प्रथम इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। पिता त्रिमूर्ति मंदिर के पास पेटीज का ठेला लगाते हैं और राज भी काम में सहयोग करता था। परिजनों के अनुसार, राज पिछले एक महीने से किसी बात को लेकर बेहद गुमसुम था।
मंगलवार सुबह सौरभ गुप्ता रोज़ की तरह ठेला लगाने के लिए निकल गए थे, जबकि पत्नी कंचन घर के बाहर थीं। इस बीच राज ने कमरे में फांसी लगा ली। बेड से कुर्सी के गिरने की आवाज सुनकर छोटा भाई युवराज कमरे में पहुंचा तो उसने अपने भाई को फंदे से लटका देखा और उसके होश उड़ गए।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मां-पिता और छोटे भाई की हालत रो-रोकर खराब हो गई है। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
Also Read: Lucknow News: 33 लाख का गांजा जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा

