Kanpur News: प्रेमिका पर हमला कर युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर देहात जिले के रनियां थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला किया और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना कस्बे में शनिवार को उस वक्त घटी, जब कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज निवासी कुंदन नामक युवक अपनी प्रेमिका प्रिंशी से मिलने रनियां पहुंचा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुंदन जब प्रेमिका के घर के बाहर पहुंचा तो उसने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। उसके हाथ में एक धारदार हथियार और देसी कट्टा था, जिससे लोग भयभीत हो गए और कोई उसके पास नहीं गया। इसी बीच उसने अचानक प्रेमिका पर हमला कर दिया और उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें देखते ही कुंदन भागने लगा। कुछ ही दूरी पर उसने देसी कट्टे से खुद को सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। कुंदन का खून से लथपथ शव देखकर हर कोई हैरान रह गया। मौके पर पहुंचे एसपी अरविंद मिश्रा, डिप्टी एसपी सहित पूरा पुलिस बल जांच में जुट गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। घायल युवती को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

एसपी अरविंद मिश्रा ने बताया कि कुंदन और प्रिंशी पूर्व में भी कई बार घर से भाग चुके थे। फिलहाल, पुलिस मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है। युवक के परिजनों के आने के बाद और भी जानकारियां सामने आने की संभावना है।

Also Read: Ayodhya: राम दरबार में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू, पास के जरिए होगी एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.