Kanpur News: लूट के बाद किन्नर और भाई की बेरहमी से हत्या, चार दिन पुराने मिले शव
Kanpur News: कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में बीते शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ, जहां किन्नर काजल (25) और उसके गोद लिए 12 वर्षीय भाई देव की हत्या कर दी गई। पुलिस का मानना है कि दोनों की मौत लूट के बाद चार-पांच दिन पहले हुई थी। कमरे में अलमारियां खुली और सामान बिखरा मिला, जिससे साफ है कि वारदात के पीछे लूट की मंशा थी।
किराये पर रहने आई थी
मूल रूप से मैनपुरी के किशनी क्षेत्र की रहने वाली काजल अपने भाई देव के साथ एक महीने पहले ही योगेंद्र विहार में पूर्व सैनिक अभिमन्यु सिंह के मकान में किराये पर रहने आई थी। मकान के दूसरे कमरे में किन्नर देविका रहती थी। काजल की मां गुड्डी लगातार चार दिनों से उससे संपर्क नहीं कर पा रही थीं। शनिवार शाम वे घर पहुंचीं तो दरवाजे पर ताला और अंदर से दुर्गंध आ रही थी।
दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया
पुलिस और केयर टेकर की मौजूदगी में ताला खोला गया तो दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया। देव का शव बेड के किनारे पड़ा था, जबकि काजल का शव बेड के अंदर छिपा मिला। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
किसी नजदीकी के शामिल होने की आशंका
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या में काजल के किसी नजदीकी के शामिल होने की आशंका है। लूट के बाद आरोपी ने दोनों की हत्या कर शवों को कमरे में बंद कर दिया। काजल का मोबाइल और घर से कुछ सामान गायब है। तीन सदस्यीय टीम जांच में लगी है।
डांस कर अपनी आजीविका चलाते थे
जानकारी के अनुसार, काजल और देव आर्केस्ट्रा पार्टी के साथ डांस कर अपनी आजीविका चलाते थे। वे शादियों और आयोजनों में प्रदर्शन करते थे। साथ वाले कमरे में रहने वाली देविका ने दो युवकों पर शक जताया है, जो अक्सर काजल के कमरे में आते-जाते थे। पुलिस इन दोनों की तलाश में जुटी है और पड़ोस के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह वारदात न केवल क्षेत्र में दहशत फैला गई है, बल्कि इसने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह महज लूट का मामला है या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी छिपी है। जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
Also Read: रक्षाबंधन पर CO अनुज चौधरी को मिला प्रमोशन, स्पोर्ट्स कोटे से बने यूपी के पहले ASP

