Kanpur News: रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5.67 लाख की मिठाई सीज
Kanpur News: रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी मिठाई व अन्य खाद्य उत्पादों पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर जनपद में व्यापक स्तर पर प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है, जिसके तहत कुल 57 खाद्य नमूने विभिन्न इलाकों से एकत्र कर जांच हेतु भेजे गए हैं।
टीम ने कई जगहों पर उत्पादों का नमूना लिया
सहायक आयुक्त (खाद्य)-11 संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पांच टीमों ने लोकमान मोहाल, शास्त्री नगर, काकादेव, गांधी नगर, किदवईनगर, बेकनगंज, सजेती सहित कई स्थानों से बूंदी लड्डू, पेड़ा, खोया, पनीर, मिश्रित दूध और छेना मिठाई जैसे उत्पादों के नमूने लिए।

टीम ने मौके पर उत्पादों को नष्ट कराया
संदेहास्पद खाद्य सामग्री की तत्काल नष्ट करने की कार्यवाही भी की गई। पनकी रोड, कल्याणपुर क्षेत्र में 10 किग्रा खोया, 10 किग्रा बर्फी और 400 सफेद रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
सबसे बड़ी कार्रवाई नौबस्ता क्षेत्र में स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई पर हुई, जहाँ अत्यंत गंदगी और अस्वच्छ हालात में मिठाइयाँ तैयार की जा रही थीं। वहाँ से कुल 2230 किग्रा खाद्य सामग्री को सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5.67 लाख आँकी गई है।

सीज की गई सामग्री
सीज सामग्री में 800 किग्रा मलाई बर्फी (₹2.4 लाख), 950 किग्रा प्योर मिल्क केक (₹2.85 लाख), 400 किग्रा लिक्विड ग्लूकोज (₹18,000) और 80 किग्रा ‘नैना ब्रांड’ मिठाई (₹24,000) शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है, और रिपोर्ट के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: फर्जी वेबसाइट से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार

