Kanpur News: बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य, डीएम ने दी अहम जानकारी
Kanpur News: शनिवार को शहर के हीर पैलेस के पास स्थित यूआईडीएआई आधार सेवा केंद्र पर लोगों ने कुछ अलग नज़ारा देखा। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह खुद आधार अपडेट कराने पहुंचे और आम नागरिकों की तरह पूरी प्रक्रिया पूरी की। उनका आधार बने दस साल से ज्यादा हो चुका था, इसलिए उन्होंने फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो दोबारा दर्ज कराकर लोगों के सामने उदाहरण पेश किया।
केंद्र पर मौजूद लोग हैरान रह गए कि जिले का डीएम भी आम लोगों की तरह आधार से जुड़ा जरूरी काम कराने खुद आया है।

बच्चों के लिए ज़रूरी बायोमेट्रिक अपडेट
डीएम ने जानकारी दी कि जब बच्चों का आधार 5 साल की उम्र में बनता है तो उस समय उनके फिंगरप्रिंट पूरी तरह विकसित नहीं होते। इसलिए 5 से 7 साल और फिर 15 से 17 साल की उम्र में बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य होता है। दोनों बार यह प्रक्रिया निशुल्क की जाती है। उन्होंने बताया कि अगर यह अपडेट समय पर नहीं कराया जाता तो बाद में 100 रुपये शुल्क देना पड़ता है।
डीएम ने कहा कि अगर कोई नागरिक निर्धारित उम्र के बाहर बायोमेट्रिक अपडेट कराता है तो इसके लिए 100 रुपये शुल्क लिया जाता है। वहीं नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी बदलने के लिए 50 रुपये फीस निर्धारित है। पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज़ नागरिक “माय आधार पोर्टल” या “सेल्फ सर्विस अपडेट पोर्टल” के जरिए ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं।

10 साल बाद दस्तावेज़ अपडेट की सलाह
यूआईडीएआई की सिफारिश है कि जिन लोगों का आधार बने दस साल या उससे ज्यादा समय हो गया है, वे अपने दस्तावेज़ ज़रूर अपडेट कराएं। यह नियम अनिवार्य तो नहीं है, लेकिन इससे आधार की जानकारी सही बनी रहती है और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।
डीएम ने नागरिकों से अपील की कि वे हमेशा अपना मोबाइल नंबर और पता अद्यतन रखें। उन्होंने कहा कि आधार अपडेट करना बहुत आसान है। अगर आधार की जानकारी सही होगी, तो किसी भी योजना का लाभ लेने में दिक्कत नहीं आएगी।
Also Read: ‘गलत बयानबाजी करने के बजाय वे चुप रहें तो उचित होगा’, मायावती ने किसको दी ये सलाह?

