Kanpur News: ऑपरेशन महाकाल में अपराधियों का दांव, पहले चरण में 154 शिकायतें दर्ज
Kanpur News: कानपुर कमिश्नरी पुलिस द्वारा भूमाफिया और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन महाकाल’ का पहला चरण सोमवार को पूरा हो गया। 5 अगस्त से 18 अगस्त तक चले इस चरण में कुल 154 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से कुछ शिकायतें उन्हीं अपराधियों और भूमाफियाओं की ओर से आईं, जिनके खिलाफ यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार कल्याणपुर, नौबस्ता और कर्नलगंज समेत कई सर्किल में अपराधियों द्वारा सात शिकायतें दर्ज कराई गईं। इन मामलों का आकलन एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को सौंपा गया है। गंभीर मामलों को जांच के लिए सीधे एसआईटी को भेजा जाएगा।
कई शिकायतें व्यक्तिगत विवादों से जुड़ी पाई गई
सबसे अधिक 47 शिकायतें दक्षिण क्षेत्र से आई हैं। इसके अलावा कई शिकायतें व्यक्तिगत विवादों से जुड़ी पाई गई हैं। पुलिस स्टाफ ऑफिसर राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि सभी शिकायतों की जांच डीसीपी की निगरानी में गठित कमेटी कर रही है। यह कमेटी अपनी रिपोर्ट संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार को सौंपेगी, जिसके बाद कार्रवाई तय होगी।
पहले चरण में पुलिस ने शिकायत दर्ज कराने के लिए थाना स्तर, एसीपी और एडीसीपी कार्यालय के साथ ऑपरेशन महाकाल का व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया था। इस माध्यम से सबसे ज्यादा शिकायतें सामने आईं।
जांच प्रक्रिया को और मजबूत करने के लिए एलआईयू को भी लगाया गया है। एलआईयू अपराधियों की चल-अचल संपत्तियों, प्लॉट, वाहन और कारोबारी प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। अब तक लगभग 20 से 25 लोगों की संपत्तियों की छानबीन चल रही है। उनकी रिपोर्ट भी डीसीपी कार्यालय को सौंपी जाएगी।
कारोबारी को बयान के लिए बुलाया
अब तक तीन जमीन संबंधी शिकायतों को एसआईटी को भेजा गया है। इनमें दबंग और भूमाफिया का नाम सामने आया है। एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है। इसी कड़ी में साकेतनगर की एक महिला कारोबारी को बयान के लिए बुलाया गया। कारोबारी ने 15 साल पुराने मामले में अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उसके साथियों पर रंगदारी, धमकी और चरित्र हनन के आरोप लगाए थे। सोमवार से ऑपरेशन महाकाल का दूसरा चरण शुरू हो गया है, जो 10 दिन चलेगा। इसमें एक ही आरोपी के खिलाफ अलग-अलग क्षेत्रों से आई शिकायतों का मिलान किया जाएगा। यदि आरोप गंभीर और वास्तविक पाए गए तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मकसद भूमाफिया और अपराधियों की जड़ तक पहुंचना है। इसके लिए हर शिकायत की गहन जांच की जाएगी ताकि निर्दोष को परेशान न किया जाए और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।
Also Read: Unnao News: दो ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, तीन लोग जिंदा जले

