Kanpur News: स्कूल जाते समय गड्ढे में गिरने से बेटी को लगी चोट…तो पिता ने किया अनोखा प्रदर्शन

Sandesh Wahak Digital Desk : कानपुर जिले का एक अनोखा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति कीचड़ से भरी टूटी सड़क के बीचों-बीच चटाई बिछाकर लेटा नजर आ रहा है। वह “भारत माता की जय” के नारे लगाते हुए अनोखे तरीके से विरोध कर रहा है। उसका मकसद सिर्फ इतना है कि बच्चों के स्कूल जाने वाली सड़क को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि किसी बच्चे की जान जोखिम में न पड़े।

प्रदर्शन कर रहे इस व्यक्ति का कहना है कि उसकी छोटी बेटी हाल ही में सड़क पर बने गड्ढे में गिर गई थी। यह घटना उसके लिए आंखें खोलने वाली साबित हुई। इसके बाद उसने क्षेत्रीय प्रशासन, सांसद, विधायक और यहां तक कि मंत्री तक से सड़क की मरम्मत की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अंततः वह निराश होकर सड़क पर उतर आया और कीचड़ में लेटकर प्रदर्शन करने को मजबूर हुआ।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि व्यक्ति बारिश से भरे गड्ढों के बीच चटाई बिछाकर आराम से लेटा है और बार-बार नारेबाज़ी कर रहा है। वह इस माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना चाहता है। प्रदर्शनकारी ने बताया कि यह इलाका किदवई नगर और महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में आता है। महाराजपुर से सतीश महाना विधायक हैं। लेकिन इतने बड़े नेता होने के बावजूद इस इलाके की सड़कें बदहाल हैं और किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

प्रदर्शनकारी का कहना है कि हजारों बच्चे रोज इसी सड़क से स्कूल जाते हैं। गड्ढों के कारण कई बार वे गिर जाते हैं, उनकी साइकिलें और वाहन खराब हो जाते हैं। बरसात में कीचड़ और पानी से हालात और भी खराब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं होती, तो ऐसा प्रदर्शन ही एकमात्र रास्ता बचता है।

यह मामला अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है और लोग प्रशासन से सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक जनता को इस तरह अपनी बात मनवाने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा।

Also Read :Kanpur News: 108 बनी संजीवनी, चार घंटे की रेस्क्यू में बची डेढ़ साल के मासूम कपिल की जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.