Kanpur News: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सजाएं घर और जीतें इनाम, 16 अगस्त तक करें आवेदन

Kanpur News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कानपुर नगर इस बार देशभक्ति के रंग में पूरी तरह रंगने वाला है। जिला प्रशासन ने “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत एक अनूठी प्रतियोगिता शुरू की है, जिसमें नागरिक अपने घरों, इमारतों और प्रतिष्ठानों को तिरंगा थीम पर सजा कर न सिर्फ देशभक्ति का प्रदर्शन करेंगे, बल्कि आकर्षक पुरस्कार भी जीत सकेंगे।

एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आज़ादी के अमृत महोत्सव की भावना को और प्रबल करना है, ताकि हर नागरिक तिरंगे के प्रति गर्व और सम्मान का अनुभव कर सके। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी अपने घरों, दफ्तरों या दुकानों को तिरंगा लाइटों, झंडों और देशभक्ति से जुड़े सजावटी तत्वों से सुसज्जित करें।

फोटो/वीडियो संलग्न करना अनिवार्य होगा

प्रतिभागियों को सजावट की स्पष्ट तस्वीर या वीडियो बनाकर अभियान की आधिकारिक वेबसाइट www.harghartirangakanpur.com पर अपलोड करनी होगी। आवेदन के साथ नाम, मोबाइल नंबर, पता, कोई मान्य सरकारी पहचान पत्र या कर्मचारी आईडी और फोटो/वीडियो संलग्न करना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने वालों में से सबसे सुंदर और रचनात्मक तीन सजावटों को चुना जाएगा। विजेताओं को जिला प्रशासन की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह केवल सजावट की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के प्रति प्रेम, गर्व और एकता की भावना को जगाने का एक अवसर भी है।

अंतिम तिथि 16 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है

इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल से शहर के कोने-कोने में तिरंगे की रौशनी फैलेगी और स्वतंत्रता दिवस का उत्सव एक जनांदोलन का रूप लेगा।

एडीएम सिटी ने नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर को केवल एक प्रतियोगिता के रूप में न देखें, बल्कि इसे देश के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम बनाएं। उनका कहना है, “जब पूरा शहर तिरंगे की आभा में नहाएगा, तो स्वतंत्रता दिवस का उत्सव एक अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।”

Also Read: UP Politics: मानसून सत्र से पहले गरमाई सियासत, शिवपाल यादव के बयान से मिले हंगामे के संकेत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.