Kanpur News: राजकीय बालिका गृह का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश
Kanpur News: जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को स्वरूप नगर स्थित राजकीय बालिका गृह का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालिकाओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों, जरूरतों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
जिलाधिकारी ने भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और शिक्षा की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बालिकाओं ने जब अपने कौशल विकास की इच्छा जाहिर की, तो डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि उनके लिए सिलाई, कढ़ाई, कंप्यूटर, ब्यूटी पार्लर आदि जैसे हुनरमंद प्रशिक्षण कार्यक्रम जल्द शुरू कराए जाएं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। डीएम ने अधीक्षिका को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी बालिकाओं को प्रेमपूर्ण, सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान किया जाए। भोजन की गुणवत्ता, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, साफ-सफाई और नियमित पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

अध्ययन कक्षों का भी निरीक्षण किया
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रसोईघर, आवासीय कक्ष, शौचालय और अध्ययन कक्षों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बच्चियों की शिक्षा के लिए योग्य शिक्षकों की व्यवस्था हो और समयबद्ध कक्षाएं संचालित की जाएं। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक और रचनात्मक विकास पर भी जोर दिया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने अवगत कराया कि बालिकाओं की शिक्षा के लिए NIOS (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग) के माध्यम से ओपन एजुकेशन की व्यवस्था की जा रही है, जिससे उनकी पढ़ाई में कोई व्यवधान न आए।
बनाई गई राखियों को देखा
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने बालिकाओं द्वारा बनाई गई राखियों को देखा और उनके रचनात्मक कार्यों की सराहना की। इस दौरान बच्चियों ने जिलाधिकारी को रक्षा सूत्र भी बांधा। उन्होंने कहा कि अगर संस्थागत वातावरण में अपनापन, प्रेरणा और सही मार्गदर्शन मिले, तो हर बालिका न केवल आत्मनिर्भर बन सकती है बल्कि समाज में सम्मानजनक स्थान भी प्राप्त कर सकती है।
Also Read: जम्मू-कश्मीर में 25 किताबों पर प्रतिबंध, युवाओं को भड़काने का आरोप

