Kanpur News: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक सम्पन्न, तीन चरणों में होगा आयोजन

Kanpur News: स्वतंत्रता दिवस को लेकर जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीएम ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है, जिसे गरिमा, उत्साह और जनसहभागिता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए। स्कूलों में तिरंगा प्रदर्शनी, चित्रकला, रंगोली, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विजेता छात्र-छात्राओं को 8 अगस्त को बिठूर में होने वाले काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव में मंच से सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जेल में बंद महिलाओं द्वारा बनाई गई राखियां जिला प्रशासन खरीदेगा और उन्हें भारतीय सेना के जवानों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही रक्षाबंधन पर उन महिला सिपाहियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जो अपने भाइयों के पास नहीं जा सकेंगी। वे पुलिस लाइन में अपने सहकर्मी भाइयों को राखी बांधेंगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय सेना को जनपद की ओर से एक सम्मान पत्र भी भेजा जाएगा, जिसमें उनकी सेवा के लिए आभार प्रकट किया जाएगा। साथ ही, 15 अगस्त पर सभी सरकारी, शैक्षणिक, औद्योगिक संस्थानों और बाजारों में विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। मूल्यांकन की जिम्मेदारी एडीएम नगर डॉ. राजेश कुमार की अध्यक्षता में गठित समिति को सौंपी गई है।

अभियान तीन चरणों में चलेगा

  •  प्रथम चरण (8 अगस्त तक): तिरंगा यात्रा, चित्रकला, भाषण, रंगोली प्रतियोगिताएं, राखी भेजने की पहल और काकोरी महोत्सव।
  • द्वितीय चरण (9–12 अगस्त): तिरंगा मेला, म्यूजिकल कन्सर्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झंडा वितरण।
  • तृतीय चरण (13–15 अगस्त): शासकीय भवनों, स्कूलों व कार्यालयों में ध्वजारोहण।

बैठक में सीडीओ दीक्षा जैन, डीएफओ दिव्या, सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी, एडीएम नगर डॉ. राजेश कुमार, बीएसए सुरजीत कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: Kushinagar News: राष्ट्रीय स्वाभिमान मोर्चा का बड़ा फैसला, गांव-गांव तक होगा संगठन का विस्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.